CG News: युवाओं के लिए खुल रहे अवसरों के नए रास्ते, कौशल, रोजगार और उच्च शिक्षा पर सरकार का फोकस
CG News: छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने युवाओं को राज्य के विकास की मुख्य धुरी बनाने पर जोर दिया है, पिछले करीब तीन वर्षों में कौशल विकास, रोजगार, उच्च शिक्षा, उद्यमिता और खेल के क्षेत्र में कई पहल शुरू की गई हैं. सरकार का लक्ष्य युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि युवा प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल तथा पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है.
9 हजार पदों पर भर्ती की तैयारी
सरकार की युवा केंद्रित योजनाओं के तहत करीब 9 हजार रिक्त सरकारी पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है, क्लास-3 और क्लास-4 के पदों पर भर्ती को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल का गठन किया गया है. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है, 33 करोड़ रुपये के प्रावधान से NEET, JEE, CLAT, UPSC, CGPSC, बैंकिंग, SSC और रेलवे जैसी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है.

कौशल प्रशिक्षण से रोजगार की तैयारी
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रदेश के 26 जिलों में 18,330 युवाओं को करीब 29 करोड़ रुपये खर्च कर प्रशिक्षण दिया जा चुका है, वहीं 35 हजार अन्य युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है. उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए 75 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान भी किया गया है, जिससे युवाओं को बदलती रोजगार जरूरतों के हिसाब से तैयार करने की कोशिश की जा रही है.
उच्च शिक्षा के बजट में 50 फीसदी बढ़ोतरी
युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार ने बजट बढ़ाया है, वर्ष 2025-26 में उच्च शिक्षा का बजट 50 फीसदी बढ़ाकर 1,822.75 करोड़ रुपये किया गया है. जशपुर, रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार और रायगढ़ के पांच कॉलेजों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है, वहीं कवर्धा, जशपुर, रायगढ़ और जगदलपुर में आईआईटी की तर्ज पर CGIT स्थापित किए गए हैं, इनके विस्तार की योजना रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग तक की जा रही है.
सरकारी नौकरी के साथ आत्मनिर्भरता पर फोकस
सरकार की युवा नीति का लक्ष्य सिर्फ सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि युवाओं को कौशल, शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना भी है. एक तरफ रिक्त सरकारी पदों पर भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण के जरिए निजी क्षेत्र में रोजगार के लिए युवाओं को तैयार किया जा रहा है, सरकार का दावा है कि इन प्रयासों से प्रदेश की युवा शक्ति को भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए मजबूत मानव संसाधन में बदला जा सकेगा.
यह भी पढ़ें : CG News: झीरम घाटी मामले में कांग्रेस के सवालों पर CM साय का जवाब, NIA जांच और कोर्ट के फैसले पर रखी बात
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
