CG News: छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, 25 जनवरी से घर-घर पहुंचेगी टीम, 10 जनवरी से ऑनलाइन स्व-गणना
CG News: छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं. इस दौरान प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक जानकारी जुटाई जाएगी. इसके लिए 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक कर्मचारी घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे. वहीं, इससे पहले 10 से 24 जनवरी तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा मिलेगी, हालांकि इसमें भाग लेना पूरी तरह ऐच्छिक होगा.

33 जिलों में होगी जनसंख्या गणना
जनगणना की तैयारियों को लेकर 27 नवंबर को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित हुई. इसमें सभी जिलों के कलेक्टरों, संभागायुक्तों और जनगणना अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में त्रुटिरहित गणना कराने के निर्देश दिए गए. प्रदेश के सभी 33 जिलों में यह प्रक्रिया पूरी होगी, जिसके दायरे में 14 नगर निगम, 195 नगर और 19,978 गांव शामिल रहेंगे.
72 हजार से अधिक कर्मचारी होंगे तैनात
जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल के मुताबिक, इस काम के लिए प्रदेश में करीब 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं. इनमें 10 प्रतिशत आरक्षित कर्मचारियों सहित 62,102 प्रगणकों और 10,667 पर्यवेक्षकों की जरूरत होगी. इस तरह 72 हजार से अधिक कर्मचारी जिम्मेदारी संभालेंगे. प्रत्येक गणना ब्लॉक में औसतन 800 लोगों की आबादी शामिल होगी, जबकि अधिक आबादी वाले क्षेत्रों को जरूरत के अनुसार छोटे ब्लॉकों में बांटा जाएगा.
जनवरी में ऑनलाइन स्व-गणना का विकल्प
जनगणना के दूसरे चरण में नागरिकों को अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने का विकल्प मिलेगा. इसके लिए 10 से 24 जनवरी 2027 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी. प्रक्रिया पूरी होने पर एक आईडी जनरेट होगी, जिसे प्रगणक को देना होगा. इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे. वहीं, 1 से 5 मार्च तक एकत्रित आंकड़ों का पुनरीक्षण किया जाएगा.
16 भाषाओं में मिलेगा मोबाइल एप
इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी. इसके लिए विशेष मोबाइल एप तैयार किया गया है, जो 16 भाषाओं में उपलब्ध रहेगा. इंटरनेट नहीं होने पर भी एप के जरिए ऑफलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी. नागरिकों के डेटा की सुरक्षा के लिए पासवर्ड, ओटीपी और एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल होगा. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनगणना की जानकारी का उपयोग केवल आंकड़ों के संकलन के लिए किया जाएगा.
कर्मचारियों को दिया जाएगा पांच चरणों में प्रशिक्षण
जनगणना कार्य में लगाए जाने वाले कर्मचारियों के लिए पांच स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था बनाई गई है. फील्ड ट्रेनर्स को 2 से 12 दिसंबर तक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक चलेगा. मुख्य सचिव ने अधिकारियों को कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने और उनके काम की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं.
अफवाहों से बचाने चलेगा जागरूकता अभियान
जनगणना को लेकर लोगों में जागरूकता और भरोसा बढ़ाने के लिए दिसंबर के मध्य से 28 फरवरी 2027 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा. अपर मुख्य सचिव निहारिका बारिक ने ग्रामीण क्षेत्रों और बस्तर के हाट-बाजारों तक जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया है. वहीं, डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल वृषाली वराडे ने बताया कि जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. अधिकारियों ने नागरिकों से सही जानकारी देकर जनगणना में सहयोग करने की अपील की है.
यह भी पढ़ें : CG News: सरकारी योजनाओं में फर्जी हितग्राहियों की होगी पहचान, ई-केवाईसी के जरिए अपात्रों पर कसेगा शिकंजा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “CG News: छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, 25 जनवरी से घर-घर पहुंचेगी टीम, 10 जनवरी से ऑनलाइन स्व-गणना”