Jashpur News: CM साय ने बहनों के साथ मनाया रक्षाबंधन, महतारी सदन का किया लोकार्पण
Jashpur News: रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी पहुंचे, जहां महिलाओं ने उन्हें राखी बांधकर रक्षाबंधन मनाया. मुख्यमंत्री ने भी बहनों को उपहार देकर अपना स्नेह जताया. इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई. कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार सामान भी मुख्यमंत्री को भेंट किया.

महतारी सदन का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने पंडरीपानी में 24.70 लाख रुपए की लागत से तैयार महतारी सदन का लोकार्पण किया. उन्होंने कहा कि यह भवन महिलाओं के लिए प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों का केंद्र बनेगा. यहां स्व-सहायता समूह अपनी बैठक के साथ उत्पाद तैयार करने और बेचने का काम भी कर सकेंगे. भवन में हॉल, किचन, स्टोर, कार्यालय और दुकान के लिए अलग व्यवस्था की गई है.

67 लाख महिलाओं को मिली किस्त
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को मिल रही आर्थिक सहायता की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर 67 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 31वीं किस्त के तौर पर 631 करोड़ 38 लाख रुपए से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की गई. त्योहार को देखते हुए सितंबर महीने की सहायता राशि भी समय से पहले जारी कर दी गई. मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में अब तक 481 महतारी सदनों को मंजूरी दी जा चुकी है.

स्व-सहायता समूहों को आर्थिक सहायता
कार्यक्रम में महिला स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार बढ़ाने के लिए आर्थिक मदद भी दी गई. मोंगरा, वैष्णवी और चांद स्व-सहायता समूहों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए, जबकि प्रतिज्ञा समूह को 1 लाख रुपए की सहायता प्रदान की गई. इसके अलावा दो बालिकाओं को सुकन्या समृद्धि योजना की पासबुक और पांच हितग्राहियों को स्वामित्व योजना के पट्टे दिए गए. मुख्यमंत्री ने महिलाओं से उनके काम और आजीविका से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी ली.

योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गर्भवती महिलाओं को पोषण टोकरी वितरित की और तीन बच्चों का अन्नप्राशन कराया. उन्होंने माताओं से बच्चों को उम्र के अनुसार पौष्टिक भोजन देने की अपील की. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ गांवों तक पहुंचाना है. उन्होंने सेवा सेतु के जरिए 36 विभागों की 700 से अधिक ऑनलाइन सेवाएं, ग्रामीण क्षेत्रों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र और समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की सुविधा का भी उल्लेख किया.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ BJP में संगठन की सख्ती, मंत्रियों और सांसदों से कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बढ़ाने को कहा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
