MP News: वर्ग-3 के करीब 7 हजार चयनित शिक्षकों को मिलेगा स्कूल, एक सप्ताह में करना होगा जॉइन
MP News: मध्यप्रदेश में वर्ग-3 के करीब 7 हजार चयनित शिक्षकों के लिए शाला आवंटन की प्रक्रिया सोमवार से शुरू होने जा रही है. लोक शिक्षण आयुक्त कार्यालय ने पदस्थापना को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं. स्कूल आवंटित होने के बाद चयनित शिक्षकों को संबंधित विद्यालय में जॉइनिंग के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा. इससे सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है.

400 शिक्षकों को मिला म्यूचुअल ट्रांसफर का मौका
वर्ग-3 शिक्षकों की पदस्थापना में देरी की एक वजह चयनित अभ्यर्थियों की पदस्थापना स्थल को लेकर सामने आई परेशानी रही. इसके बाद विभाग ने पहली बार चयनित शिक्षकों को म्यूचुअल ट्रांसफर की सुविधा उपलब्ध कराई. इसके तहत शिक्षक आपसी सहमति से एक-दूसरे से संपर्क कर स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सके. करीब 400 चयनित शिक्षकों ने इस सुविधा का लाभ उठाया.
जॉइनिंग के लिए मिलेगा एक सप्ताह
लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह के मुताबिक, वर्ग-3 में लगभग 7 हजार शिक्षकों की पदस्थापना की जानी है. शाला आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी चयनित शिक्षकों को अपने निर्धारित स्कूल में जॉइन करने के लिए एक सप्ताह का समय मिलेगा. शिक्षकों की पदस्थापना से लंबे समय से खाली चल रहे पदों को भरने और स्कूलों की व्यवस्था बेहतर करने में सहायता मिलने की संभावना है.
वर्ग-2 की वेटिंग काउंसलिंग भी शुरू
वर्ग-3 शिक्षकों के साथ ही स्कूल शिक्षा विभाग वर्ग-2 के चयनित शिक्षकों के लिए वेटिंग काउंसलिंग का दूसरा चरण भी सोमवार से शुरू करेगा. इसमें प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों को उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर स्कूल आवंटित किए जाएंगे. विभाग के अनुसार, वर्ग-3 के चयनित शिक्षकों की जॉइनिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस वर्ग में भी वेटिंग काउंसलिंग शुरू करने की तैयारी है.
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार
वर्ग-1 के चयनित शिक्षकों की पदस्थापना फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामले के कारण रुकी हुई है. आयुक्त अभिषेक सिंह के अनुसार, मामले में सितंबर के पहले सप्ताह में फैसला आने की संभावना है. कोर्ट का निर्णय आने के बाद वर्ग-1 के चयनित शिक्षकों की लंबित पदस्थापना प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया जाएगा.
यह भी पढ़ें : MP News: ओरछा में BJP प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू, संगठन मजबूती और चुनावी रणनीति पर फोकस
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
