Rewa News: कल्पना मिश्रा और नवजात की मौत की जांच तेज, मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों से पूछताछ
Rewa News: रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज से संबद्ध गांधी मेमोरियल अस्पताल में 26 अगस्त को गर्भवती महिला कल्पना मिश्रा और उनके नवजात बच्चे की मौत के बाद मामला गरमा गया. बताया जा रहा है कि ऑपरेशन के बाद पहले नवजात की मौत हुई, जबकि रात करीब 11.55 बजे कल्पना ने भी दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए विरोध शुरू कर दिया. वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया.
![]()
नर्सों और डॉक्टरों पर हुई कार्रवाई
मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से शुरुआती कार्रवाई करते हुए दो नर्सों को निलंबित किया गया. इसके बाद दो चिकित्सकों के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की गई. कार्रवाई को लेकर अस्पताल की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारी तय करने पर सवाल उठ रहे हैं. वहीं, परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

बाहरी टीम ने खंगाले रिकॉर्ड
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए मेडिकल कॉलेज के बाहर के विशेषज्ञों की टीम गठित की गई है. शनिवार सुबह टीम के सदस्यों ने अस्पताल पहुंचकर कल्पना मिश्रा के इलाज से जुड़े रिकॉर्ड, चिकित्सकीय दस्तावेज और संबंधित कर्मचारियों से जानकारी जुटाई. निलंबित चिकित्सकों के अलावा विभागीय अधिकारियों, एसआर, जेआर, एनेस्थीसिया विभाग के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, वार्ड ब्वाय और सुरक्षा कर्मचारियों के बयान भी लिए जा रहे हैं. जांच प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण संबंधित लोगों को दोबारा बुलाया गया है.
ड्यूटी और जिम्मेदारी को लेकर उठे सवाल
मामले में डॉ सोनल अग्रवाल और एनेस्थीसिया विभाग की डॉ निधि पाण्डेय के खिलाफ हुई कार्रवाई भी चर्चा में है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, डॉ निधि पाण्डेय घटना वाले दिन अस्पताल में मौजूद थीं और उन्हें अधीक्षक के निर्देश पर बुलाया गया था. इसके बावजूद निलंबन की कार्रवाई किए जाने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं. वहीं, गायनी विभाग की एचओडी डॉ पद्मा शुक्ला की भूमिका को लेकर भी जांच में सवाल सामने आने की बात कही जा रही है. हालांकि, इन सभी पहलुओं पर अंतिम स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.
विशेषज्ञ टीम करेगी पूरे इलाज की जांच
कल्पना मिश्रा और नवजात की मौत के मामले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन डायरेक्टर डॉ सलोनी सिदाना के निर्देश पर विशेषज्ञों की टीम जांच कर रही है. टीम में भोपाल, जबलपुर और रीवा के विशेषज्ञ चिकित्सकों को शामिल किया गया है, जिसमें स्त्री रोग, पैथोलॉजी और एनेस्थीसिया के विशेषज्ञ भी हैं. टीम इलाज से जुड़े हर चरण, मेडिकल रिकॉर्ड और घटना की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है. जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाली रिपोर्ट से ही यह स्पष्ट होगा कि मौत के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और किस स्तर पर जिम्मेदारी तय होती है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: नेशनल अस्पताल में लिफ्ट हादसे के बाद हंगामा, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
