MP News: जहरीली शराब कांड में मौतों का आंकड़ा 22 पहुंचा, 30 लोगों पर FIR, 10 गिरफ्तार
MP News: सागर में जहरीली शराब पीने से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. सोमवार को कई और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 22 पहुंच गई है. वहीं 112 लोगों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है, जिनका सागर और भोपाल के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है. मृतकों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं, जिससे इलाके में दहशत और गम का माहौल है.

लगातार बढ़ रहा मौतों का आंकड़ा
सोमवार को महेश रावत, श्याम बाई अहिरवार और कृष्ण कुमार लोधी की मौत हुई. इससे पहले भोपाल एयरलिफ्ट किए गए राम प्रसाद लोधी ने रविवार देर रात दम तोड़ दिया था, जबकि उनके पिता गोविंद लोधी की भी रविवार को मौत हो गई थी. इसके अलावा भगवान सिंह, गोपाल आदिवासी और देश कुमार लोधी की मौत की भी जानकारी सामने आई है. राम प्रसाद का छोटा भाई भूरे लोधी अभी सागर में भर्ती बताया जा रहा है.
शराब बेचने वालों पर FIR, 10 गिरफ्तार
मामले में शराब बेचने वाले लोगों और अन्य आरोपियों के खिलाफ बंडा और विनायका थानों में एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस के मुताबिक 25 से अधिक नामजद आरोपियों समेत कुल 30 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और इनमें से 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर कथित अवैध शराब के नेटवर्क, सप्लाई और इसके स्रोत के बारे में जानकारी जुटा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में अलग-अलग टीमों को लगाया गया है.
ग्रामीणों ने अवैध सप्लाई को लेकर लगाए आरोप
एफआईआर में दर्ज शिकायत और स्थानीय लोगों के बयानों के मुताबिक सस्ती शराब के नाम पर कथित तौर पर नया ब्रांड ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचाया गया था. शिकायत में आरोप लगाया गया कि शराब की कीमत सामान्य बिक्री से करीब 20 रुपये कम बताई गई थी. वहीं कुछ ग्रामीणों ने नौराज ग्राम पंचायत के ततरवारा गांव से लंबे समय से अवैध शराब की सप्लाई होने का दावा किया है. हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.
मेथेनॉल की मिलावट की जांच
शुरुआती जांच में शराब में मेथेनॉल की मिलावट पाए जाने की बात सामने आई है. मेथेनॉल औद्योगिक उपयोग में आने वाला जहरीला अल्कोहल है, जिसका सेवन गंभीर स्वास्थ्य नुकसान और मौत का कारण बन सकता है. इस घटना को लेकर कांग्रेस ने भी सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मौतों का आंकड़ा 50 से अधिक होने का दावा करते हुए एसपी पर कार्रवाई की मांग की, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी घटना को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और शराब के स्रोत से लेकर सप्लाई नेटवर्क तक सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: कल्पना मिश्रा की मौत के बाद प्रशासन सख्त, SGMH समेत तीन अस्पतालों में अधिकारियों की निगरानी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
