MP News: सतना की पुरेनिहा बस्ती में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ महिलाओं का उग्र प्रदर्शन
MP News: मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 16 की कृपालपुर पुरेनिहा बस्ती में शुक्रवार को अवैध शराब बिक्री के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा, बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में लाठी-डंडे लेकर एक किराना दुकान पर पहुंचीं और दुकान बंद कराने की मांग को लेकर जोरदार हंगामा किया, स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे.

शराब बेचने का आरोप
स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि बेटू चौधरी नामक व्यक्ति अपनी किराना दुकान की आड़ में पिछले कई वर्षों से धड़ल्ले से अवैध रूप से शराब बेच रहा था, रहवासियों का कहना है कि इस अवैध कारोबार के संबंध में पहले भी कई बार जिला प्रशासन से लिखित शिकायत की जा चुकी थी, लेकिन कोई ठोस कदम न उठाए जाने के कारण मजबूरन महिलाओं को खुद सड़कों पर उतरकर मोर्चा संभालना पड़ा.
स्कूल और मंदिर के पास जमावड़े से परेशानी
महिलाओं ने बताया कि उक्त किराना दुकान के ठीक पास एचटीसी स्कूल स्थित है, जहां रोजाना छोटे-छोटे मासूम बच्चे पढ़ने आते हैं, साथ ही पास में ही मां काली का प्रसिद्ध मंदिर और अंबेडकर स्कूल भी है, आरोप है कि अवैध शराब बिक्री के चलते दिनभर दुकान के आसपास शराबी जमा रहते हैं, जो खुलेआम गाली-गलौज और हुड़दंग करते हैं, जिससे महिलाओं और छात्राओं का रास्ते से गुजरना दूभर हो गया था.
रेड में भारी मात्रा में शराब बरामद
महिलाओं के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी मनीष त्रिपाठी और कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, अधिकारियों की मौजूदगी में जब किराना दुकान की सघन तलाशी ली गई, तो वहां से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से दुकान को सील कर बंद करा दिया, हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी संचालक मौके से फरार हो गया.
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
घटना के बाद पुलिस और आबकारी विभाग ने फरार आरोपी शिवकुमार उर्फ बेटू चौधरी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, पुलिस की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध शराब का कारोबार पनपने नहीं दिया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में सार्वजनिक परिवहन को मिली नई रफ्तार, CM मोहन और नितिन गडकरी ने दिखाई हरी झंडी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |









