MP News: मध्य प्रदेश में वार्ड परिसीमन की तैयारी शुरू, नई जनगणना के बाद बदलेंगी सीमाएं, जानें क्या होगा असर
MP News: मध्य प्रदेश के नगरीय निकायों में आने वाले समय में वार्डों का नक्शा बदल सकता है. जिस कॉलोनी या मोहल्ले के लोग अभी किसी एक वार्ड में शामिल हैं, परिसीमन के बाद उन्हें दूसरे वार्ड का हिस्सा बनाया जा सकता है. प्रदेश सरकार ने नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषदों में वार्डों की सीमाओं के नए निर्धारण की तैयारी शुरू कर दी है.

सभी नगरीय निकायों को निर्देश
नगरीय विकास विभाग ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों को पत्र जारी कर परिसीमन की प्रक्रिया की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं. नई जनगणना के आंकड़े सामने आने के बाद शहरों की आबादी और क्षेत्रफल के आधार पर वार्डों की सीमाएं तय की जाएंगी. विभाग ने साफ किया है कि वार्डों की संख्या बढ़ाने के बजाय मौजूदा वार्डों की सीमाओं में बदलाव को प्राथमिकता दी जाए, विभाग ने बड़े नगर निगमों और 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में मौजूदा वार्डों की संख्या बनाए रखने पर जोर दिया है. केवल बेहद जरूरी होने पर ही वार्डों की संख्या बढ़ाई जाएगी. ऐसे में परिसीमन के दौरान वार्डों के क्षेत्रफल और सीमाओं में बदलाव होने की संभावना है. किसी वार्ड के कुछ इलाकों को दूसरे वार्ड में शामिल किया जा सकता है.
विधानसभा और लोकसभा सीटों पर भी चर्चा
मध्य प्रदेश में नगरीय निकायों के साथ विधानसभा और लोकसभा सीटों के संभावित परिसीमन को लेकर भी चर्चा चल रही है. संभावित फार्मूले के अनुसार विधानसभा क्षेत्रों की औसत आबादी में करीब एक लाख और लोकसभा क्षेत्रों की औसत आबादी में सात से आठ लाख की कमी हो सकती है. इससे प्रदेश में विधानसभा और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, सीटों की संख्या को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है.

2011 की जनगणना से समझें संभावित गणित
साल 2011 की जनगणना के अनुसार मध्य प्रदेश की आबादी 7 करोड़ 26 लाख 26 हजार 809 थी. इसी आबादी को आधार मानकर सामने आए एक संभावित फार्मूले में प्रदेश की 345 विधानसभा सीटों की कल्पना की गई है. इस गणना के अनुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की औसत आबादी करीब 2.10 लाख हो सकती है. वहीं, 345 विधानसभा सीटों को 44 संभावित लोकसभा क्षेत्रों में बांटने पर एक संसदीय क्षेत्र की औसत आबादी करीब 16 से 17 लाख हो सकती है. यह फिलहाल संभावित गणना है, कोई अंतिम सरकारी निर्णय नहीं.
तहसील और जिलों की सीमाओं में भी बदलाव संभव
परिसीमन की प्रक्रिया के दौरान तहसीलों और जिलों के क्षेत्रफल में भी बदलाव हो सकता है. हालांकि, राजस्व सर्किल यानी रेवेन्यू सर्किल की सीमाएं नहीं बदली जाएंगी. राजनीतिक दल भी इस प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभा सकते हैं और जिला, संभाग तथा प्रदेश स्तर पर प्रभारी नियुक्त कर सकते हैं. प्रदेश स्तर की कमेटियां परिसीमन आयोग के सदस्यों के साथ अलग-अलग संभागों में जा सकती हैं.
आम लोगों पर क्या होगा असर?
वार्डों की सीमाएं बदलने का सीधा असर शहरों के रहवासियों पर पड़ सकता है. परिसीमन के बाद किसी कॉलोनी या मोहल्ले का वार्ड बदल सकता है, जिससे लोगों को नए वार्ड के तहत अपनी स्थानीय समस्याओं और नागरिक सुविधाओं से जुड़े काम कराने होंगे. फिलहाल विभाग ने सिर्फ तैयारी के निर्देश दिए हैं. किस शहर में कौन-सा वार्ड बदलेगा, इसकी स्थिति नई जनगणना के आंकड़े आने और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.
यह भी पढ़ें : MP Politics: परिसीमन बिल को लेकर कमलनाथ ने सांसदों से की विरोध की अपील, राहुल गांधी पहुंचे चेन्नई
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “MP News: मध्य प्रदेश में वार्ड परिसीमन की तैयारी शुरू, नई जनगणना के बाद बदलेंगी सीमाएं, जानें क्या होगा असर”