Rewa News: मेट्रिमोनियल ऐप पर शादी का झांसा देकर 74 वर्षीय बुजुर्ग से 12.11 लाख की ठगी, इलाज के नाम पर ऐंठे रुपए
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा में शादी के लिए मेट्रिमोनियल ऐप पर प्रोफाइल बनाना एक 74 वर्षीय बुजुर्ग को भारी पड़ गया. यहां एक युवती ने शादी का भरोसा दिलाकर बुजुर्ग से नजदीकियां बढ़ाईं और फिर इलाज के नाम पर लाखों रुपए ऐंठ लिए. करीब सात महीने तक ठगी का यह सिलसिला चलता रहा. इस दौरान बुजुर्ग ने अलग-अलग किस्तों में कुल 12.11 लाख रुपए दे दिए. लेकिन रकम मिलने के बाद युवती और उसके साथी ने संपर्क बंद कर दिया.

ऐप पर संपर्क कर शादी की जताई इच्छा
जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग ने नवंबर 2025 में एक मेट्रिमोनियल ऐप पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी. कुछ दिन बाद एक युवती ने उनसे संपर्क किया और अपनी पहचान उज्जैन निवासी सरस्वती उपाध्याय के रूप में बताई. युवती ने बुजुर्ग के सामने शादी का प्रस्ताव रखा. इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर लगातार बातचीत होने लगी. मीठी-मीठी बातों के जरिए युवती ने बुजुर्ग का भरोसा जीत लिया.
![]()
चोट लगने की कहानी सुनाकर मांगे रुपए
कुछ समय बाद एक अन्य व्यक्ति ने बुजुर्ग को फोन किया और बताया कि सरस्वती गिर गई हैं, जिससे उनके सिर में चोट आई है. इसके बाद इलाज का हवाला देकर पैसों की मांग की गई. युवती और उसके साथी की बातों में आकर बुजुर्ग ने दिसंबर से सितंबर 2026 तक अलग-अलग किस्तों में रकम भेजी. इस तरह आरोपियों ने उनसे कुल 12.11 लाख रुपए हासिल कर लिए.

पैसे मिलते ही बंद कर दिए मोबाइल नंबर
जब आरोपियों को पूरी रकम मिल गई, तो उन्होंने बुजुर्ग से संपर्क करना बंद कर दिया. युवती और उसके साथी के सभी मोबाइल नंबर बंद हो गए. काफी समय तक संपर्क नहीं होने पर बुजुर्ग को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ. इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई. मामले में शून्य पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाने भेजा गया.

साइबर सेल की मदद से जांच में जुटी पुलिस
मामले में थाना प्रभारी हितेन्द्रनाथ शर्मा ने बताया कि शून्य में दर्ज एफआईआर थाने पहुंची है, जिसके आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है. पुलिस साइबर सेल की मदद से उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें बुजुर्ग से रकम जमा कराई गई थी. अब जांच के जरिए आरोपियों की पहचान और ठगी की पूरी कड़ी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: नवोदय विद्यालय की 80 सीटों के लिए 3248 बच्चों ने दी परीक्षा, OMR शीट भरने में 30% विद्यार्थी परेशान
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
