MP Politics: हरदीप सिंह पुरी निर्विरोध निर्वाचित, राज्यसभा में BJP की ताकत बढ़ी, कांग्रेस देगी कानूनी चुनौती

MP Politics: हरदीप सिंह पुरी निर्विरोध निर्वाचित, राज्यसभा में BJP की ताकत बढ़ी, कांग्रेस देगी कानूनी चुनौती

MP Politics: हरदीप सिंह पुरी निर्विरोध निर्वाचित, राज्यसभा में BJP की ताकत बढ़ी, कांग्रेस देगी कानूनी चुनौती

MP Politics: मध्यप्रदेश से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुन लिए गए हैं. उनके निर्वाचन के साथ ही प्रदेश में राज्यसभा का राजनीतिक समीकरण बदल गया है. अब मध्यप्रदेश की 11 राज्यसभा सीटों में से 10 पर भाजपा का कब्जा हो गया है, जबकि कांग्रेस के खाते में केवल एक सीट रह गई है. इससे पहले भाजपा के पास 9 और कांग्रेस के पास 2 सीटें थीं.

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी लड़ेंगे मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव, एल  मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी सीट - hardeep puri nominated for mp  rajya sabha ...

कांग्रेस की आपत्तियों के बावजूद मिला निर्वाचन

हरदीप सिंह पुरी के नामांकन को लेकर कांग्रेस ने कई गंभीर सवाल उठाए थे. पार्टी का दावा था कि उनके नामांकन और चुनावी शपथपत्र में 100 से अधिक कमियां हैं. कांग्रेस ने विशेष रूप से उनकी पत्नी के नाम, विदेशों में मौजूद संपत्तियों और विदेशी बैंक खातों से जुड़ी जानकारियों पर आपत्ति जताई थी. हालांकि, निर्वाचन अधिकारी ने दस्तावेजों की जांच और पुरी का पक्ष सुनने के बाद सभी आपत्तियों को खारिज कर दिया.

कांग्रेस हाईकोर्ट में दायर करेगी चुनाव याचिका

पुरी के निर्विरोध निर्वाचन के बाद कांग्रेस ने कानूनी लड़ाई जारी रखने का फैसला किया है. विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चुनाव याचिका दायर करने का रास्ता खुलता है. अब पार्टी की लीगल टीम पूरे मामले का परीक्षण कर हाईकोर्ट में इलेक्शन पिटीशन दाखिल करेगी. कांग्रेस का कहना है कि नामांकन से जुड़े सवालों को न्यायिक प्रक्रिया के जरिए उठाया जाएगा.

MP राज्यसभा उपचुनाव: हरदीप पुरी का निर्विरोध चुना जाना तय, राजकुमार लोहानी  का पर्चा खारिज; कांग्रेस जाएगी कोर्ट - Haribhoomi

मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी सीट

राज्यसभा की यह सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई थी. उन्होंने 14 अक्टूबर को राज्यसभा की सदस्यता छोड़ दी थी, जिसके बाद निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू की. भाजपा ने 28 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपना उम्मीदवार घोषित किया था. इसके बाद 31 अक्टूबर को पुरी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में विधानसभा पहुंचकर नामांकन दाखिल किया.

शपथपत्र में पत्नी और विदेशी संपत्तियों को लेकर विवाद

नामांकन पत्रों की जांच के दौरान कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे और निर्दलीय उम्मीदवारों ने पुरी के दस्तावेजों पर आपत्तियां दर्ज कराई थीं. कांग्रेस ने शपथपत्र में पत्नी के नाम का उल्लेख नहीं होने, विदेशी संपत्तियों का विवरण अमेरिकी डॉलर और स्विस फ्रैंक में दिए जाने तथा जेनेवा स्थित संपत्ति और विदेशी बैंक खातों की जानकारी को लेकर सवाल उठाए. इसके अलावा नोटरी सत्यापन और शपथपत्र प्रमाणित करने की प्रक्रिया पर भी आपत्ति जताई गई थी. रिटर्निंग ऑफिसर उमेश कुमार शर्मा ने इन सभी शिकायतों की जांच के बाद उन्हें निराधार मानते हुए खारिज कर दिया.

निर्दलीय उम्मीदवारों के पर्चे निरस्त

इस उपचुनाव में कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहानी को समर्थन दिया था. लोहानी ने कांग्रेस विधायकों के समर्थन से अपना नामांकन दाखिल किया, लेकिन अनिवार्य फॉर्म-26 शपथपत्र जमा नहीं करने के कारण उनका पर्चा निरस्त कर दिया गया. उन्होंने दस्तावेजों की कमी पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था, लेकिन निर्वाचन अधिकारी ने इसकी अनुमति नहीं दी. वहीं, दूसरे निर्दलीय उम्मीदवार कांते सायन्ना का नामांकन भी दस्तावेजों में अधूरी जानकारी के चलते खारिज हो गया. इस तरह सभी आपत्तियों और नामांकन निरस्त होने के बाद हरदीप सिंह पुरी एकमात्र वैध उम्मीदवार बचे और उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया.

यह भी पढ़ें : MP News: दिग्विजय सिंह बोले- सनातन धर्म में नफरत की जगह नहीं, हिंदुत्व को लेकर मंत्री विश्वास सारंग ने घेरा

Vindhya Times
Author: Vindhya Times

विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “MP Politics: हरदीप सिंह पुरी निर्विरोध निर्वाचित, राज्यसभा में BJP की ताकत बढ़ी, कांग्रेस देगी कानूनी चुनौती”

Leave a Comment

और पढ़ें