MP Weather Update: मध्यप्रदेश के 13 जिलों में बारिश की चेतावनी, दिन में बढ़ी ठंड, पहाड़ों की बर्फबारी से गिरेगा पारा
MP Weather Update: मध्यप्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. प्रदेश के पूर्वी हिस्से में सक्रिय निम्न दाब क्षेत्र और ट्रफ के प्रभाव से रविवार को कई जिलों में आसमान पर बादलों का डेरा रहा, जबकि कुछ इलाकों में बारिश भी दर्ज की गई. अब सोमवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है. मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक सतना, रीवा, मैहर, कटनी, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश हो सकती है.
जबलपुर-सागर संभाग में बादलों का पहरा
मौसम विभाग के अनुसार जबलपुर और सागर संभाग के अन्य जिलों में भी बादल छाए रहने की संभावना है. इसके अलावा प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में एक चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है, जिसका असर कुछ जिलों में देखने को मिल सकता है. प्रदेश में अलग-अलग मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने से पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का दौर बना हुआ है. ऐसे में लोगों को मौसम में होने वाले बदलाव को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है.

रात से ज्यादा दिन में महसूस हो रही ठंड
प्रदेश में इस समय मौसम का एक अलग ही मिजाज देखने को मिल रहा है. रात के तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद दिन के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीती रात शाजापुर जिले के गिरवर में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री और बैतूल में 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. नौगांव में पारा 13.2 डिग्री रहा. वहीं नीमच के मरुखेड़ा, खरगोन और नरसिंहपुर में 13.4 डिग्री, ग्वालियर में 13.5 डिग्री, रतलाम में 14.2 डिग्री, भोपाल में 14.6 डिग्री और धार में 14.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ.

तीन मौसमी सिस्टम और पहाड़ों की बर्फबारी का असर
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल तीन मौसमी प्रणालियों का प्रभाव बना हुआ है. इसी वजह से पूर्वी हिस्से में आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं. दूसरी ओर, कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी होने से ठंडी हवाएं मध्यप्रदेश की ओर पहुंच रही हैं. इसका असर तापमान पर पड़ रहा है और दिन के समय भी ठिठुरन बढ़ने लगी है. प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है.
सिस्टम हटने के बाद बढ़ेगी कड़ाके की ठंड
मौसम के मौजूदा बदलाव के बीच आने वाले दिनों में ठंड और तेज होने की संभावना जताई जा रही है. पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों की ओर आने वाली सर्द हवाओं का प्रभाव मध्यप्रदेश में भी बढ़ेगा. फिलहाल सक्रिय मौसमी सिस्टम के आगे बढ़ने के बाद प्रदेश में ठंड का असर ज्यादा महसूस हो सकता है. खासकर रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है. ऐसे में नवंबर के आखिरी दिनों में लोगों को सर्दी के लिए तैयार रहना होगा.

नवंबर में बढ़ती है ठंड
मौसम विभाग के अनुसार नवंबर के दूसरे सप्ताह से मध्यप्रदेश में ठंड का असर आमतौर पर बढ़ने लगता है. इस बार भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही बना हुआ है. ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं का सीधा प्रभाव पड़ता है, इसलिए यहां तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिल सकती है. मौसम के पुराने रिकॉर्ड बताते हैं कि ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर के दौरान न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. वहीं उज्जैन में 53 साल पहले पारा गिरकर 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. दूसरी तरफ भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के महीने में बारिश होने का भी पुराना ट्रेंड रहा है. इस बार महीने की शुरुआत से ही बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं और तीसरे तथा चौथे सप्ताह में मौसमी सिस्टम सक्रिय होने पर फिर बारिश की संभावना बन सकती है.
यह भी पढ़ें : MP News: भोपाल के जनता क्वार्टर और इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में बुलडोजर कार्रवाई, मंदिर पर फिलहाल रोक
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
