MP News: भोपाल में शुरू हुई अत्याधुनिक ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला, प्राचीन सभ्यताओं और मानव विकास पर होगा शोध
MP News: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को देश की तीसरी अत्याधुनिक ‘डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला’ और गैलरी का शुभारंभ हुआ. मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद यानी मैपकास्ट परिसर में स्थापित इस प्रयोगशाला के जरिए लगभग 10 लाख साल पुराने अवशेषों और घटनाओं का वैज्ञानिक परीक्षण किया जा सकेगा. इससे प्राचीन सभ्यताओं के समय, मानव विकास और उस दौर की जलवायु परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी.
नवाचार और शोध को मिल रहा बढ़ावा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रयोगशाला का लोकार्पण किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था में कई तरह की प्रक्रियागत उलझनें होती हैं और सरकार को किसी काम के लिए सहमत कराना आसान नहीं होता. अगर सरकार हर बात पर आसानी से मान जाए, तो फिर सरकार ही क्या है. इसके बावजूद सरकार की सोच के अनुरूप नवाचार और शोध से जुड़ी परियोजनाएं जमीन पर उतर रही हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि ल्यूमिनेसेंस डेटिंग तकनीक के माध्यम से यह पता लगाया जा सकेगा कि जमीन में दबे अवशेषों ने आखिरी बार सूर्य की रोशनी कब प्राप्त की थी. इससे उनकी उम्र और उनसे जुड़े ऐतिहासिक समय का वैज्ञानिक आकलन संभव होगा.
वाकणकर के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने पद्मश्री डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर के पुरातत्व क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद वाकणकर ने देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई. भीमबेटका जैसी ऐतिहासिक धरोहर को सामने लाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही. उनके नाम पर प्रयोगशाला स्थापित करना उनके शोध, विचार और विरासत को आगे बढ़ाने की दिशा में एक प्रयास है.
भोपाल बनेगा नॉलेज सिटी, उज्जैन साइंस सिटी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने स्पेस टेक पॉलिसी लागू की है. प्रदेश में डीप टेक रिसर्च पार्क विकसित करने के लिए करीब 100 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है. उन्होंने बताया कि उज्जैन को धार्मिक और औद्योगिक पहचान के साथ साइंस सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है, जबकि भोपाल को नॉलेज सिटी बनाने की दिशा में काम चल रहा है. विक्रमादित्य शोध पीठ को भी जल्द विक्रमादित्य अकादमी का स्वरूप दिया जाएगा. विश्वविद्यालयों और आईआईटी के सहयोग से खगोल विज्ञान सहित अलग-अलग क्षेत्रों में शोध को प्रोत्साहित किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से इन परियोजनाओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने की बात कही.
लैब से लैंड तक पहुंचे शोध का लाभ
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सह-सरकार्यवाह सुरेश सोनी ने भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान के बीच समन्वय की आवश्यकता बताई. उन्होंने कहा कि प्रस्तावित डीप टेक रिसर्च पार्क के चार टावरों के नाम भारतीय मनीषियों के नाम पर रखे गए हैं. इनमें खगोल विज्ञान के लिए वराहमिहिर, ज्ञान परंपरा के लिए सांदीपनि, कृषि के लिए बलराम और आधुनिक तकनीक के लिए आर्यभट्ट का नाम शामिल है. सुरेश सोनी ने जोर दिया कि शोध का दायरा केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए. इसके नतीजे उद्योगों और आम लोगों के काम आने चाहिए. इसके लिए शोध को ‘लैब से लैंड’ तक पहुंचाना जरूरी है.
उज्जैन को फिर वैश्विक काल गणना केंद्र बनाने की पहल
सुरेश सोनी ने उज्जैन के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि प्राचीन काल में यह शहर समय की गणना का प्रमुख केंद्र हुआ करता था, लेकिन औपनिवेशिक दौर में यह केंद्र ग्रीनविच स्थानांतरित हो गया. अब उज्जैन को दोबारा वैश्विक काल गणना केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में प्रयास होने चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस लक्ष्य को केवल आस्था और भावनाओं के आधार पर नहीं, बल्कि तर्क, तथ्यों और वैज्ञानिक प्रयोगों के जरिए प्रमाणित करना होगा. कार्यक्रम में कॉफी टेबल बुक ‘महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम’ का विमोचन भी किया गया. इसके साथ ही पद्मश्री पुरातत्वविद् नारायण जी व्यास का अभिनंदन हुआ और विभिन्न संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापनों यानी एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए.
यह भी पढ़ें : MP Weather Update: मध्यप्रदेश के 13 जिलों में बारिश की चेतावनी, दिन में बढ़ी ठंड, पहाड़ों की बर्फबारी से गिरेगा पारा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “MP News: भोपाल में शुरू हुई अत्याधुनिक ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला, प्राचीन सभ्यताओं और मानव विकास पर होगा शोध”