Rewa News: रीवा फूल मंडी में हादसा, जर्जर बिल्डिंग का छज्जा गिरने से मलबे में दबे फूल विक्रेता
Rewa News: रीवा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोठी कंपाउंड स्थित फूल मंडी में बुधवार रात करीब 12 बजे बड़ा हादसा हो गया. तेज बारिश के बीच अमरा कोठी की जर्जर बिल्डिंग का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया. इसकी चपेट में आने से फूल विक्रेता राकेश उपाध्याय उर्फ लली मलबे में दब गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने पुलिस को सूचना दी.

फूल मंडी में चलाते थे दुकान
राकेश उपाध्याय उर्फ लली बहुरी बांध के रहने वाले थे और कोठी कंपाउंड स्थित फूल मंडी में सगुन फ्लावर नाम से दुकान चलाते थे. बुधवार रात बारिश के दौरान वह मंडी परिसर में मौजूद थे. इसी दौरान पुरानी और जर्जर बिल्डिंग का छज्जा अचानक गिर गया और राकेश उसकी चपेट में आकर मलबे में दब गए. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें निकालने की कोशिश शुरू की.
जेसीबी की मदद से निकाला गया
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद राकेश को मलबे से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद फूल मंडी में मौजूद लोगों के बीच भी दहशत का माहौल बन गया.
बारिश से कमजोर हुआ था जर्जर छज्जा
सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी. जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण पुरानी और जर्जर बिल्डिंग का छज्जा कमजोर हुआ और अचानक गिर गया. पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें : MP News: मॉडल-एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामला, CBI चार्जशीट में पति-सास पर गंभीर आरोप
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
