Rewa News: हाईटेंशन लाइन के मुआवजे को लेकर रीवा में फिर विवाद, अनशन पर बैठा युवक
Rewa News: रीवा की गुढ़ तहसील के ग्राम बेला में अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस की हाईटेंशन पावर ट्रांसमिशन लाइन परियोजना को लेकर विवाद फिर गरमा गया. कलेक्टर के आश्वासन के बाद भी मांगों का समाधान नहीं होने का आरोप लगाते हुए एक युवक सोमवार को पांचवें दिन दोबारा धरने पर बैठ गया. लगातार भूख हड़ताल के कारण उसकी तबीयत बिगड़ती नजर आई, लेकिन उसने आंदोलन खत्म करने से इनकार कर दिया.
खेतों से गुजर रही हाईटेंशन लाइन
गुढ़ क्षेत्र में एमपी पावर ट्रांसमिशन पैकेज-दो के तहत बिजली टावर और हाईटेंशन लाइन बिछाने का काम चल रहा है. बेला सहित आसपास के इलाकों में खेतों से होकर टावर और तार लगाए जा रहे हैं. किसान परिवार का आरोप है कि कृषि भूमि पर काम कराने के बावजूद उचित मुआवजा तय नहीं किया गया. इसी मांग को लेकर युवक लगातार विरोध कर रहा है.
आश्वासन के बाद भी नहीं सुलझा मामला
युवक इससे पहले पानी में आधा डूबकर सत्याग्रह कर चुका है. अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और कलेक्टर की ओर से मांगों के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद उसने अनशन खत्म किया था. अब युवक का कहना है कि आश्वासन के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ. सोमवार को दोबारा आंदोलन शुरू करने से पहले वह भावुक होकर रो पड़ा और कहा कि उसके पिता ने उसे अपने हक की बात नहीं छोड़ने की सीख दी है.
जीतू पटवारी ने फोन पर की बात
मामले की जानकारी मिलने के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने युवक से फोन पर बात कर उसकी मांगों की जानकारी ली. पटवारी ने उसके साथ खड़े होने की बात कही. कांग्रेस ने सरकार से मामले में हस्तक्षेप कर किसान परिवार की शिकायत सुनने और जमीन के मुआवजे का उचित निर्धारण कराने की मांग की है. अनशन के दौरान युवक की हालत बिगड़ने पर आसपास मौजूद लोगों ने उसकी मदद की.
आंदोलन जारी रखने पर अड़ा युवक
युवक कभी जमीन पर लेटकर तो कभी जेसीबी से खोदे गए पानी भरे गड्ढे में बैठकर विरोध करता रहा. लगातार भूख हड़ताल के बावजूद उसने आंदोलन खत्म नहीं किया. उसका कहना है कि जब तक उसकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक वह आंदोलन जारी रखेगा. मामले में प्रशासन और संबंधित कंपनी का पक्ष सामने आना अभी बाकी है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में कांग्रेस कार्यालय विवाद पर गरमाई सियासत, महापौर अजय मिश्रा बाबा ने पुलिस पर उठाए सवाल
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
