Rewa News: रीवा में कांग्रेस कार्यालय विवाद पर गरमाई सियासत, महापौर अजय मिश्रा बाबा ने पुलिस पर उठाए सवाल
Rewa News: रीवा में सोमवार शाम कांग्रेस कार्यालय के सामने हुए विवाद को लेकर सियासत और गरमा गई. कांग्रेस महापौर अजय मिश्रा बाबा ने महिला एडिशनल एसपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई. उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि आपको शर्म आनी चाहिए और सब चूड़ी पहन लो. महापौर ने यह भी कहा कि आने वाली सरकार कांग्रेस की हो सकती है और हम बदला जरूर लेंगे. उन्होंने अपने बयान में कहा कि मेरा नाम अजय मिश्रा बाबा है.

16 अगस्त के प्रदर्शन से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, 16 अगस्त को रीवा में कांग्रेस कार्यालय के सामने वंदे मातरम् के गायन को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ था. विशाल मेगामार्ट के पास स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने सांसद जनार्दन मिश्रा और भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे थे. भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रगीत के कथित अपमान का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यालय के सामने वंदे मातरम् का गायन किया.

दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने
वंदे मातरम् के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की, जिसके जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी नारे लगाए. इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान पथराव हुआ, जिसमें 3 से 4 कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हुए. कांग्रेस ने एक अनुसूचित जाति की महिला पर जूता फेंकने और जातिसूचक गालियां देने का आरोप भी लगाया है.
कांग्रेस ने SP को सौंपा ज्ञापन
घटना के बाद जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण और शहर की ओर से पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई. कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने पुलिस की मौजूदगी में कथित बदसलूकी को गंभीर मामला बताया. उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय करने की भी मांग की. महापौर अजय मिश्रा बाबा ने प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा और बैरिकेडिंग की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए.
भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को बताया निराधार
भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया. उनका कहना है कि भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्वक वंदे मातरम् का गायन कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अभद्रता और मारपीट का प्रयास करने का आरोप लगाया. भाजपा ने पथराव, जूता फेंकने और अन्य आरोपों को निराधार बताया. पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया.
बयान के बाद और बढ़ा राजनीतिक विवाद
घटना के बाद दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं. कांग्रेस ने पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं किए जाने और पुलिस की भूमिका की जांच की मांग की है, जबकि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं पर लगाए गए आरोपों को खारिज कर रही है. महापौर के बयान के बाद यह विवाद और राजनीतिक रूप लेता नजर आ रहा है. अब पूरे मामले में पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर है.
यह भी पढ़ें : MP News: सिंधिया राजघराने की अरबों की संपत्ति का विवाद फिर कोर्ट पहुंचा, 25 अगस्त को अगली सुनवाई
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
