Rewa News: रीवा के मुकुंदपुर चिड़ियाघर में बाढ़ का कहर, नदी और नाले के बीच फंसी जिंदगी
Rewa News: रीवा शहर में अव्यवस्थित विकास के कारण जिस तरह इस बार लोगों को बाढ़ की मार झेलनी पड़ी, उसका असर मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी और चिड़ियाघर पर भी दिखाई दिया, नदी और नाले के बीच स्थित चिड़ियाघर में बाढ़ का पानी घुस गया और कई हिस्से पूरी तरह जलमग्न हो गए, हालात ऐसे बने कि वन्यजीवों के साथ उनकी देखरेख करने वाले कर्मचारी भी मुश्किल में फंस गए, राहत की बात रही कि किसी वन्यजीव की मौत नहीं हुई.

मुर्तुजा नाला बना बड़ी चुनौती
चिड़ियाघर के बीच से गुजरने वाला मुर्तुजा नाला बारिश के दौरान लगातार उफान पर आ जाता है, नाले पर बनी पुलिया भी पानी बढ़ने के साथ डूब जाती है और इस बार हालात इतने गंभीर हो गए कि कर्मचारियों का वन्यजीवों तक पहुंचना पूरी तरह बंद हो गया, सफेद बाघ, तेंदुआ, भालू और अन्य वन्यजीवों के बाड़ों में तैनात कर्मचारी वहीं फंस गए, सबसे बड़ी चुनौती भोजन पहुंचाने की थी, कर्मचारियों और वन्यजीवों तक भोजन किसी तरह दीवार के दूसरी ओर से पहुंचाया गया.

बीहर नदी का पानी बाड़ों तक पहुंचा
एक तरफ मुर्तुजा नाले का पानी बढ़ रहा था, तो दूसरी तरफ बीहर नदी भी उफान पर थी, दोनों तरफ से पानी आने के कारण मुकुंदपुर चिड़ियाघर का बड़ा हिस्सा तालाब में तब्दील हो गया, वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए कर्मचारियों ने उन्हें बाड़ों से निकालकर नाइट हाउस में शिफ्ट किया, नाइट हाउस ऊंचाई पर होने के कारण वन्यजीव सुरक्षित रहे, लेकिन चिड़ियाघर की व्यवस्थाओं को भारी नुकसान पहुंचा और कई सामान बाढ़ के पानी में डूब गए.

कर्मचारियों के घर भी हुए जलमग्न
बाढ़ का असर सिर्फ चिड़ियाघर तक सीमित नहीं रहा, परिसर में बने कर्मचारियों और अधिकारियों के आवासों में भी पानी भर गया, संचालक रामेश्वर टेकाम के घर तक बीहर नदी का पानी पहुंच गया, मौजूद स्टाफ ने किसी तरह उनका सामान बचा लिया, लेकिन करीब आठ फॉरेस्ट गार्ड के घरों में पानी भरने से उनकी गृहस्थी का सामान बर्बाद हो गया, जिन कर्मचारियों ने दूसरों का सामान बचाया, उन्हें खुद भारी नुकसान झेलना पड़ा.
चिड़ियाघर की दीवार से टकराया ट्रक
बाढ़ के दौरान एक ट्रक भी पानी के तेज बहाव में अनियंत्रित हो गया, ट्रक का अगला हिस्सा पानी से निकल गया लेकिन पीछे का हिस्सा बहते हुए चिड़ियाघर की दीवार से जा टकराया और वहीं पलट गया, इस घटना से चिड़ियाघर की दीवार को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है, लगातार बढ़ते जलस्तर ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि क्या चिड़ियाघर के लिए जगह का चयन पर्याप्त सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया गया था.
अब उठ रहे हैं जगह के चयन पर सवाल
मुकुंदपुर चिड़ियाघर एक तरफ बीहर नदी और दूसरी तरफ मुर्तुजा नाले से घिरा हुआ है, यही भौगोलिक स्थिति बारिश के समय इसे बाढ़ के खतरे के बीच ला देती है, जानकारों का मानना है कि प्राकृतिक वातावरण और घना जंगल वन्यजीवों के लिए अनुकूल जरूर है, लेकिन नदी और नाले के बीच ऐसी जगह पर बड़े प्रोजेक्ट का विस्तार करने से पहले बाढ़ के खतरे का गंभीरता से आकलन जरूरी है, अब दूसरे चरण के विस्तार की योजना पर भी इस घटना के बाद नए सिरे से विचार करने की जरूरत महसूस हो रही है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में जलभराव के बाद बड़ा एक्शन, अव्यवस्थित कॉलोनियों और निर्माण की होगी जांच
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
