Rewa News: रीवा में आंगनबाड़ी से ढाई साल की बच्ची के अपहरण का खुलासा, बोरी में भरकर ले गए थे आरोपी
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले के समान थाना क्षेत्र स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र से ढाई साल की बच्ची के रहस्यमयी तरीके से गायब होने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. गुरुवार दोपहर को पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता और आंगनबाड़ी सहायिका समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

आंगनबाड़ी सहायिका और पड़ोसन ने रची थी अपहरण की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि मासूम के अपहरण की पूरी पटकथा आंगनबाड़ी केंद्र के भीतर ही लिखी गई थी. आंगनबाड़ी सहायिका रिया वर्मा ने बच्ची को गायब करने में सीधी मदद की. इस पूरी वारदात की मास्टरमाइंड बगल में किराए से रहने वाली रीनू वर्मा उर्फ गोल्डी वर्मा थी. गोल्डी की कोई संतान नहीं थी, इसलिए उसने सहायिका के साथ मिलकर बच्ची को चुराने का प्लान बनाया. वारदात के बाद आरोपी महिला परिजनों के साथ हमदर्दी जताते हुए बच्ची की तलाश का नाटक भी करती रही.
फुटेज खंगालने पर मिला सुराग
23 सितंबर की रात बच्ची के लापता होने पर परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) राजीव पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके के 50 से अधिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में बच्ची अपने भाई के साथ आंगनबाड़ी केंद्र जाती दिखी, लेकिन वापस बाहर आती नजर नहीं आई. इससे पुलिस का शक आंगनबाड़ी केंद्र के अंदर के लोगों पर गहरा गया.
बोरी में भरकर आंगनबाड़ी से बाहर निकाला
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया. उन्होंने बताया कि सहायिका रिया वर्मा की मदद से बच्ची को आंगनबाड़ी से बोरी में भरकर बाहर निकाला गया था. इसके बाद गोल्डी वर्मा ने बच्ची को अपनी भाभी केशकली कोल को सौंप दिया. केशकली बच्ची को छिपाने के लिए अपने मायके, सीधी जिले के धनहा गांव ले गई थी.
पुलिस ने बच्ची को कराया सकुशल मुक्त
बच्ची की लोकेशन सीधी जिले में मिलने के बाद रीवा पुलिस की टीम ने आधी रात को ही दबिश दी. पुलिस अधिकारियों और जवानों ने खेत की मेढ़ों और कीचड़ से भरे दुर्गम रास्तों को पार करते हुए घेराबंदी की और मासूम को पूरी तरह सुरक्षित बरामद कर लिया. पुलिस ने बच्ची को उसके परिजनों को सौंप दिया है. इस मामले में रविशंकर मालवीय, केशकली कोल, रिया वर्मा और रीनू वर्मा उर्फ गोल्डी वर्मा को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा के आयुष्मान अस्पताल में आधी रात को पहुंचे कलेक्टर और एसपी, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










