Rewa News: रीवा में 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने गला काटकर हत्या की जताई आशंका
Rewa News: रीवा के चोरहटा थाना क्षेत्र के दुआरी पिपरहा गांव में दो दिन से लापता 30 वर्षीय युवक का शव शुक्रवार सुबह नहर के घाट पर मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान मोहम्मद इसरार उर्फ बब्बू के रूप में हुई है, जो मजदूरी का काम करता था. शव के गले पर कट का निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है.
26 अगस्त को घर से निकला था युवक
परिजनों के मुताबिक इसरार 26 अगस्त की शाम घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस घर नहीं लौटा. परिवार ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. शुक्रवार सुबह नहर घाट के पास शव पड़े होने की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान इसरार के रूप में की.
मौके पर चाकू और खून के निशान का दावा
परिजनों के अनुसार घटनास्थल पर चाकू और खून के निशान भी मिले हैं. उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने इसरार को शराब पिलाई थी और बाद में उसे वहां छोड़कर चले गए. गले पर कट का निशान मिलने के कारण परिवार ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है. हालांकि हत्या के आरोपों की अभी पुलिस जांच की जा रही है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही चोरहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थाना प्रभारी पवन शुक्ला के मुताबिक युवक का शव नहर घाट पर मिला है और उसके गले पर कट का निशान है. पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच में शामिल किया है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस परिजनों के बयानों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इसरार आखिरी बार किन लोगों के साथ था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: युवक की चाकू से हत्या के बाद सड़क पर उतरे परिजन, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
