Rewa News: रीवा के पुराने बस स्टैंड पर थार सवारों की दबंगई, पुलिस को देखते ही भागे युवक
Rewa News: रीवा शहर में सोमवार देर रात थार सवार युवकों की कथित दबंगई और हुड़दंग का मामला सामने आया. बताया जा रहा है कि युवक पुराने बस स्टैंड सहित शहर के कई इलाकों में वाहन के फाटक खोलकर तेज आवाज में फिल्मी गाने बजाते हुए घूम रहे थे. तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के चलते सड़क से गुजर रहे लोगों में दहशत का माहौल बना रहा.

पुलिस कार्यालय के पास चलता रहा स्टंट
युवक काफी देर तक पुराने बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्र में घूमते रहे, इस दौरान वाहन के फाटक खोलकर तेज आवाज में गाने बजाने के साथ सड़क पर स्टंटबाजी किए जाने की भी बात सामने आई है. खास बात यह है कि पुराना बस स्टैंड सिविल लाइन थाना, एसपी कार्यालय और पुलिस कंट्रोल रूम से करीब 200 मीटर की दूरी पर है, इसके बावजूद देर रात तक गतिविधियां जारी रहीं.
पुलिस पहुंची तो मौके से भागे युवक
बताया जा रहा है कि पुलिस की गश्ती टीम देर रात पुराने बस स्टैंड पहुंची, पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवकों में अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद थार सवार युवक वाहन लेकर मौके से निकल गए. अब पुलिस वाहन के नंबर और युवकों की पहचान के आधार पर कार्रवाई की तैयारी कर सकती है, हालांकि फिलहाल मामले में कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं है.
गश्त बढ़ाने की उठी मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि देर रात यहां तेज आवाज में गाने बजाने, चारपहिया वाहनों से स्टंट करने और हुड़दंग जैसी शिकायतें सामने आती रहती हैं. ऐसे मामलों में समय रहते कार्रवाई होने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी से बचाया जा सकता है.
यातायात पुलिस करेगी कार्रवाई
यातायात प्रभारी अनिमा शर्मा ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि तेज आवाज में गाने बजाने, वाहन के फाटक खोलकर चलाने और स्टंटबाजी करने वाले चालकों पर नजर रखी जा रही है. ऐसे मामलों में वाहन की पहचान होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : Rewa News: कल्पना की मौत के बाद प्लेटलेट्स की गुणवत्ता और भुगतान व्यवस्था पर उठे सवाल
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
