Sidhi News: बाणसागर बांध के 6 गेट खुले, सोन नदी में बढ़ा जलप्रवाह, 24 गांवों में अलर्ट
Sidhi News: सीधी के बाणसागर बांध के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते बांध में पानी की आवक बढ़ गई है, जल स्तर 341.58 मीटर तक पहुंचने के बाद निर्धारित स्तर बनाए रखने के लिए दोपहर 12 बजे 6 रेडियल गेट खोले गए. सभी गेट करीब 2-2 मीटर तक खोले गए हैं, जिसके जरिए सोन नदी में लगभग 2454 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है.

सोन नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर अलर्ट
बांध से पानी छोड़े जाने के बाद सोन नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है, जल संसाधन विभाग ने जरूरत पड़ने पर स्पिल ओवर के जरिए अतिरिक्त पानी छोड़ने की संभावना भी बताई है. स्थिति को देखते हुए सीधी जिले में सोन नदी के तटीय इलाकों के 24 गांवों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है, इनमें घुघटा, खैरी समेत कई संवेदनशील गांव शामिल हैं.

कलेक्टर ने जारी किया हाई अलर्ट
लगातार बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले में हाई अलर्ट जारी किया है, उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों को अपने मुख्यालय में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं. कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में जनहानि रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, साथ ही रेस्क्यू और राहत कार्य के लिए जरूरी तैयारियां पूरी रखने को कहा गया है.
सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश
प्रशासन ने जल संसाधन, राजस्व, ग्रामीण विकास, लोक निर्माण, आरईएस, विद्युत विभाग और नगरीय निकायों समेत सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी के लिए अलग-अलग टीमों को सक्रिय किया गया है. अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
नदी किनारे जाने से लोगों को किया गया मना
प्रशासन ने सोन नदी के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र और दोनों किनारों पर रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, लोगों को नदी के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है. प्रशासन ने नहाने, मछली पकड़ने, नाव चलाने और अन्य गतिविधियों के लिए नदी में प्रवेश नहीं करने की चेतावनी जारी की है, ताकि बढ़ते जलप्रवाह के बीच किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: अपने ही नेताओं के खिलाफ सवर्ण समाज का अनोखा प्रदर्शन, निकाली प्रतीकात्मक अर्थी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
