Sidhi News: सीधी जिला कोर्ट परिसर में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, जिला अभियोजन अधिकारी 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
Sidhi News: मध्य प्रदेश के सीधी जिला न्यायालय परिसर में सोमवार को रीवा लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला अभियोजन अधिकारी, डीपीओ, राजकुमार रावत को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया. कार्रवाई के दौरान आरोपी ने रिश्वत की रकम फेंककर भागने की कोशिश की, लेकिन लोकायुक्त टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.

केस में कार्रवाई के बदले मांगे थे 10 हजार रुपये
लोकायुक्त के अनुसार, फरियादी पंकज तिवारी ने शिकायत की थी कि एक प्रकरण में कार्रवाई आगे बढ़ाने के बदले जिला अभियोजन अधिकारी 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं. शिकायत का सत्यापन करने के बाद रीवा लोकायुक्त ने ट्रैप की योजना बनाई.
रिश्वत लेते ही दबोचा गया आरोपी
सोमवार दोपहर करीब तीन बजे जिला न्यायालय परिसर के सामने लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया. जैसे ही फरियादी ने आरोपी को रिश्वत की राशि सौंपी, टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया. इस दौरान आरोपी पैसे सड़क किनारे फेंककर भागने लगा, लेकिन टीम ने दौड़कर उसे पकड़ लिया.
केमिकल टेस्ट में हुई पुष्टि
कार्रवाई के बाद लोकायुक्त अधिकारियों ने मौके पर ही आरोपी के हाथों का रासायनिक परीक्षण कराया. जांच में उसके हाथों का रंग लाल हो गया, जिससे रिश्वत की राशि छूने की पुष्टि हुई. इसके बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए सर्किट हाउस ले जाया गया.
इसी मामले में पहले भी हुई थी ट्रैप कार्रवाई
फरियादी पंकज तिवारी ने बताया कि इसी प्रकरण में वर्ष 2025 में मझौली थाने के तत्कालीन एसआई कमलेश त्रिपाठी को भी लोकायुक्त ने रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था. मामला अदालत पहुंचने के बाद अब अभियोजन स्तर पर रिश्वत मांगने की शिकायत सामने आई, रीवा लोकायुक्त के टीआई एस.एस. मरावी ने बताया कि आरोपी जिला अभियोजन अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. मामले की आगे की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा के बाल संप्रेषण गृह में नाबालिग की आत्महत्या, एक सप्ताह पहले पॉक्सो मामले में भेजा गया था
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










