Sidhi News: सीधी के मझौली कॉलेज के छात्रों की बड़ी परेशानी, परीक्षा देने 80 किमी दूर जाना मजबूरी, स्थानीय सेंटर की उठी मांग
Sidhi News: सीधी जिले के मझौली शासकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्र नहीं मिलने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष की परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को करीब 80 किलोमीटर दूर सीधी जाकर परीक्षा देनी पड़ रही है. परीक्षा के पूरे दौरान छात्रों को रोजाना यही लंबा सफर तय करना पड़ेगा.

सुबह 4 बजे घर से निकल रहीं छात्राएं
छात्राओं ने बताया कि सुबह 7 बजे शुरू होने वाली परीक्षा में समय पर पहुंचने के लिए उन्हें तड़के 4 बजे ही घर से निकलना पड़ता है. कई छात्राएं पहले चुवाही गांव पहुंचती हैं और वहां बस का इंतजार करती हैं. सुनसान रास्तों से होकर यात्रा करने के कारण उन्हें सुरक्षा को लेकर हमेशा डर बना रहता है.

रोज 300 विद्यार्थी कर रहे सफर
बीए अंतिम वर्ष की छात्रा शिवांगी सिंह ने बताया कि प्रतिदिन करीब 300 विद्यार्थी सीधी परीक्षा देने जाते हैं. इनमें मड़वास और मझौली क्षेत्र के छात्र भी शामिल हैं, जिन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ती है. विद्यार्थियों का कहना है कि इस समस्या को कई बार कॉलेज प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के सामने उठाया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला.
स्थानीय परीक्षा केंद्र की मांग तेज
विद्यार्थियों का कहना है कि यदि मझौली में ही परीक्षा केंद्र बना दिया जाए, तो समय, पैसा और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं से राहत मिल सकती है. उनका मानना है कि स्थानीय स्तर पर परीक्षा केंद्र बनने से छात्र-छात्राओं की परेशानियां काफी हद तक कम हो जाएंगी.
एनएसयूआई ने प्रशासन से की मांग
एनएसयूआई के प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह ने प्रशासन से मझौली में परीक्षा केंद्र स्थापित करने की मांग की है. उनका कहना है कि विशेष रूप से छात्राओं को रोजाना जोखिम भरा सफर करना पड़ रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने प्रशासन से जल्द निर्णय लेकर स्थानीय परीक्षा केंद्र की व्यवस्था करने की मांग की, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिल सके.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा संभाग के सरकारी स्कूलों में अब होगी NEET और JEE की तैयारी, 148 स्कूलों के छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |









