MP News: ग्वालियर में लापता हुआ परिवार का चहेता तोता, ‘मिट्ठू’ को खोजने वाले को मिलेगा 50 हजार रुपये का इनाम
MP News: ग्वालियर के अलकापुरी-कलेक्ट्रेट रोड स्थित एनजी ग्रांड में रहने वाले अनिल ओझा का परिवार इन दिनों गहरे दुख में है. परिवार का चहेता मादा तोता ‘शकुंतला’, जिसे सभी प्यार से ‘मिट्ठू’ बुलाते हैं, तीन दिन पहले घर से उड़ गई. तब से पूरा परिवार उसकी तलाश में जुटा है. उसे सुरक्षित वापस लाने वाले के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है.

परिवार का सदस्य बन चुकी थी मिट्ठू
अनिल ओझा ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले मिट्ठू उनके घर आई थी और धीरे-धीरे परिवार का अभिन्न हिस्सा बन गई. उसे कभी पिंजरे में बंद नहीं रखा गया. वह पूरे घर में आजादी से घूमती थी और परिवार के सदस्यों की आवाज सुनते ही उनके कंधे या हाथ पर आकर बैठ जाती थी. उसके बिना अब घर की रौनक जैसे गायब हो गई है.
खुली खिड़की से उड़ गई बाहर
परिवार के मुताबिक सोमवार को घर की एक खिड़की खुली रह गई, जिससे मिट्ठू उड़कर बाहर निकल गई. शुरुआत में सभी को उम्मीद थी कि वह कुछ देर बाद लौट आएगी, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी वह वापस नहीं आई. इसके बाद रिश्तेदारों, पड़ोसियों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका.
मां और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल
मिट्ठू के गायब होने का सबसे ज्यादा असर परिवार की बुजुर्ग मां और छोटी बेटी पर पड़ा है. परिजनों का कहना है कि दोनों उससे बेहद जुड़ी हुई थीं और अब उसके बिना उनका मन किसी काम में नहीं लग रहा. परिवार के अनुसार दोनों ने ठीक से खाना-पीना भी छोड़ दिया है और हर समय दरवाजे की ओर उम्मीद भरी नजरों से देखती रहती हैं.
पूरे शहर में हो रही मुनादी
मिट्ठू की तलाश के लिए परिवार ने प्रचार एजेंसी की मदद से पोस्टर तैयार कराए हैं और ई-रिक्शा के जरिए पूरे शहर में मुनादी कराई जा रही है. ई-रिक्शा चालक रोजाना कई घंटों तक अलग-अलग कॉलोनियों और बाजारों में जाकर लोगों से अपील कर रहा है कि यदि कहीं यह तोता दिखाई दे तो तुरंत परिवार को सूचना दें. परिवार का कहना है कि उनके लिए 50 हजार रुपये से ज्यादा कीमती मिट्ठू की सुरक्षित घर वापसी है.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: सीधी के मझौली कॉलेज के छात्रों की बड़ी परेशानी, परीक्षा देने 80 किमी दूर जाना मजबूरी, स्थानीय सेंटर की उठी मांग
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










