Sidhi News: रेलवे की जमीन से हटाए गए 34 परिवारों के मकान, ठंड में बेघर हुए लोगों ने उठाए सवाल
Sidhi News: मध्यप्रदेश के सीधी जिले में रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गई. जमोड़ी थाना क्षेत्र के नौढ़िया गांव में रेलवे विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने 34 परिवारों के मकान हटवा दिए. दोपहर 12 बजे शुरू हुई यह कार्रवाई शाम 4 बजे तक जारी रही.

प्रशासन ने बताई कार्रवाई की वजह
प्रशासन के मुताबिक, संबंधित सभी परिवारों को मकानों के बदले मुआवजा दिया जा चुका था. इसके बावजूद कई बार नोटिस जारी करने के बाद भी लोगों ने मकान खाली नहीं किए. इसी वजह से गुरुवार को रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई.

भारी पुलिस बल रहा तैनात
कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर 40 से अधिक पुलिसकर्मियों और 26 पटवारियों की तैनाती की गई थी. रेलवे विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ तहसीलदार गोपालदास राकेश शुक्ला, जमोड़ी थाना प्रभारी केदार परौहा और सेमरिया थाना प्रभारी विवेक द्विवेदी भी मौजूद रहे. रामबाबू बंसल और प्रशांत बंसल समेत कुल 34 परिवारों के मकानों से अतिक्रमण हटाया गया.

नोटिस के बाद भी नहीं हटे थे मकान
तहसीलदार गोपालदास राकेश शुक्ला ने बताया कि सभी प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा दिया जा चुका था. कई बार नोटिस देकर मकान खाली करने के लिए कहा गया, लेकिन संबंधित लोगों ने जगह खाली नहीं की. इसके बाद प्रशासन को यह कार्रवाई करनी पड़ी, तहसीलदार के अनुसार, अतिक्रमण हटाने की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई. हालांकि, कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध भी किया. प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी समस्याएं सुनीं और जांच के बाद समाधान निकालने का प्रयास किया.

ठंड में रहने की व्यवस्था पर उठाए सवाल
वहीं, कार्रवाई से प्रभावित परिवारों ने प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. रामगोपाल बंसल का कहना है कि ठंड के मौसम में परिवारों को घरों से हटाने से पहले रहने के लिए आश्रय स्थल की व्यवस्था की जानी चाहिए थी. उन्होंने बताया कि मुआवजा मिलने के बावजूद दूसरी जगह रहने का इंतजाम नहीं हो पाया है. ऐसे में छोटे बच्चों और महिलाओं को लेकर इस कड़ाके की ठंड में कहां जाएं, यह परिवारों के सामने सबसे बड़ी परेशानी है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: सोहागी घाटी में ब्रेक फेल होने से ट्रक ट्रेलर से भिड़ा, इलाज के दौरान युवक की मौत
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “Sidhi News: रेलवे की जमीन से हटाए गए 34 परिवारों के मकान, ठंड में बेघर हुए लोगों ने उठाए सवाल”