Sidhi News: दुअरा पत्थर खदान में अवैध विस्फोटक इस्तेमाल का खुलासा, प्रशासन ने बंद कराया उत्खनन
Sidhi News: सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र के ग्राम दुअरा स्थित पत्थर खदान में प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की। जांच में अवैध ब्लास्टिंग, विस्फोटक सामग्री के उपयोग में गड़बड़ी और सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी सामने आई। दस्तावेजों में दर्ज स्थान और वास्तविक उपयोग स्थल अलग पाए गए। मामले को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने खदान में चल रहे उत्खनन कार्य को अस्थायी रूप से बंद कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के बाद प्रशासन की दबिश
सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र की जेठूला स्थित ग्राम दुअरा की पत्थर खदान में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन को शिकायत मिली थी कि पट्टेदार सुरेश तिवारी द्वारा संचालित खदान में विस्फोटक सामग्री का अवैध उपयोग कर ब्लास्टिंग की जा रही है। शिकायत के बाद एसडीएम सिहावल राजेश शुक्ला के निर्देश पर खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

सुरक्षा नियमों की खुली अनदेखी
जांच के दौरान टीम ने पाया कि खदान में सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन किया जा रहा था। न तो खदान क्षेत्र में सीमा चिन्ह लगाए गए थे और न ही फेसिंग सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं मौजूद थीं। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही माना है।
मौके पर मिला विस्फोटक वाहन
कार्रवाई के दौरान टीम को विस्फोटक कार्य में उपयोग किया जा रहा वाहन क्रमांक MP17 G 3415 भी मिला। वाहन के पास मौजूद अजय सिंह और ईश्वर सिंह राजपूत अधिकारियों को विस्फोटक सामग्री के परिवहन और उपयोग से जुड़े वैध दस्तावेज तुरंत नहीं दिखा सके।
दस्तावेजों में मिला बड़ा अंतर
बाद में व्हाट्सएप के जरिए RE-13 प्रपत्र प्रस्तुत किया गया, लेकिन जांच में सामने आया कि दस्तावेज में विस्फोटक सामग्री के उपयोग का स्थान गोपद बनास अंकित था, जबकि सामग्री ग्राम दुअरा क्षेत्र में पाई गई। प्रशासन ने इसे प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितता माना है, खनिज अधिकारी कपिलमुनी शुक्ला ने बताया कि जांच में अनियमितताएं मिलने के बाद खदान में चल रहे पत्थर उत्खनन कार्य को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
यह भी पढ़ें : Sidhi News: सीधी के काशीहवा गांव में दर्दनाक हादसा, आग में जिंदा जले तीन मासूम बच्चे
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
