Sidhi News: सीधी में आंधी का कहर, जर्जर बिजली पोल गिरा, 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
Sidhi News: सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र के हौदाबाध गांव में शनिवार दोपहर तेज आंधी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गांव में जर्जर स्थिति में खड़ा एक बिजली का खंभा गिरने से 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान
मृतक युवक की पहचान कमलेश पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार करीब 12 बजे तेज आंधी चल रही थी, इसी दौरान पहले से झुका हुआ बिजली का खंभा अचानक टूटकर कमलेश पर गिर गया। पोल सीधे उनके सिर और पीठ पर लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही बिगड़ी हालत
परिजन घायल कमलेश को तुरंत एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने काफी प्रयास किए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों के अनुसार कमलेश अपने परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजन ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
ग्रामीणों ने लगाए लापरवाही के आरोप
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गांव में कई बिजली के खंभे जर्जर हालत में हैं, जिन्हें समय रहते ठीक नहीं किया गया, जिससे यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
पुलिस की कार्रवाई शुरू
अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 12 केंद्रों पर सख्त निगरानी के बीच होगी परीक्षा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
