CG News: अंडरग्राउंड सीवरेज से लेकर रिवर फ्रंट तक, 2040 के विज़न पर चलेगा रायपुर
CG News: राजधानी रायपुर में बरसात के मौसम में सड़कों पर पानी भरने और नालियों के ओवरफ्लो की समस्या से स्थायी निजात दिलाने के लिए ₹1,500 करोड़ की लागत से अंडरग्राउंड सीवरेज सिस्टम तैयार किया जाएगा, इसके तहत नया और आधुनिक सीवरेज चैनल विकसित होगा, जिससे आने वाले कई वर्षों तक नालियों के चोक होने और जलभराव की समस्या नहीं रहेगी.
ड्राइंग–डिज़ाइन से आएगी पारदर्शिता
अंडरग्राउंड सीवरेज सिस्टम का पूरा ड्राइंग और डिज़ाइन डॉक्यूमेंटेशन तैयार किया जाएगा, ताकि भविष्य में अधिकारियों के बदलने पर भी सिस्टम की पूरी जानकारी उपलब्ध रहे, वर्तमान में शहर के कई इलाकों में सीवरेज नेटवर्क की स्थिति और उम्र की स्पष्ट जानकारी नहीं होने के कारण सफाई और रखरखाव में दिक्कतें आती हैं, जिसे यह नई व्यवस्था पूरी तरह खत्म करेगी.

शहर में चलेंगे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट
रायपुर के समग्र विकास के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट प्रस्तावित हैं,
• डूंडा में ₹130 करोड़ की लागत से 100–150 एमएलडी क्षमता का फिल्टर प्लांट
• पंडरी बस स्टैंड पर ₹250 करोड़ का आधुनिक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स
• ₹156 करोड़ की लागत से एक्सप्रेस-वे (टेमरी) से वीआईपी रोड को जोड़ने वाली फोरलेन सड़क
• ₹186 करोड़ से सड्ढू–उरकुरा रोड का निर्माण
• ₹450 करोड़ की लागत से पूरे शहर में अंडरग्राउंड केबलिंग
• ₹131 करोड़ से खारुन रिवर फ्रंट का विकास
2040 तक का तैयार मास्टर प्लान
राजधानी रायपुर के विकास के लिए 2040 तक का मास्टर प्लान तैयार कर लिया गया है, इसमें सड़क, नाली, पेयजल, हरियाली, तालाब और उद्यानों के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ नई सड़कों और प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण को शामिल किया गया है, मास्टर प्लान में एमआर-43 और एमआर-11 सड़कों के विस्तार के लिए भी बजट का प्रावधान किया गया है.
मुख्यमंत्री साय का विज़न
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, रायपुर को मेट्रो सिटी की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, पेयजल, बिजली और संचार सुविधाओं पर विशेष फोकस रहेगा, उन्होंने स्पष्ट किया कि, नगरीय निकायों को अधोसंरचना विकास के लिए पहले की तुलना में ढाई गुना अधिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे और फंड की कोई कमी नहीं होगी.
उच्चस्तरीय बैठक में बनी सहमति
मंत्रालय स्थित महानदी भवन में आयोजित बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, मंत्री खुशवंत सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
स्मार्ट, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रायपुर की ओर कदम
इन योजनाओं के जरिए रायपुर को न केवल जलभराव और अव्यवस्था से मुक्त किया जाएगा, बल्कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर नागरिक सुविधाओं और टिकाऊ विकास के साथ एक स्मार्ट राजधानी के रूप में स्थापित किया जाएगा.
यह भी पढ़ें : CG News: जशपुर में बनेगा आधुनिक मुक्तिधाम, ₹35.36 लाख की मंजूरी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










