CG News: CGMSC का बड़ा बयान: गुणवत्ता परीक्षण के बाद ही स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचती हैं दवाएं
CG News: छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSC) ने स्पष्ट किया है कि राज्य में दवा क्रय और आपूर्ति की पूरी प्रक्रिया गुणवत्ता मानकों के आधार पर संचालित की जाती है। निगम ने कहा है कि किसी भी दवा को स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने से पहले निर्धारित गुणवत्ता परीक्षण से गुजरना अनिवार्य होता है।
मध्यप्रदेश में ब्लैकलिस्ट हुई थी कंपनी
सीजीएमएससी के अनुसार, दवा निर्माता कंपनी यूनीक्योर इंडिया लिमिटेड (Unicure India Ltd.) ने 18 मई 2026 को निगम को जानकारी दी थी कि मध्यप्रदेश पब्लिक हेल्थ सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भोपाल ने 8 मई 2026 को कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर दिया है, यह कार्रवाई Lactulose Solution IP 10 gm/15 ml – 100 ml Bottle के तीन बैचों को शासकीय प्रयोगशालाओं द्वारा गुणवत्ता परीक्षण में अमानक पाए जाने के बाद की गई थी।

छत्तीसगढ़ में पहले ही हुई थी कार्रवाई
सीजीएमएससी ने बताया कि उक्त दवा के एक बैच को पहले ही मध्यप्रदेश में प्रोडक्ट ब्लैकलिस्ट किया जा चुका था। इसके बाद छत्तीसगढ़ में भी निविदा नियमों के अनुसार संबंधित दवा के दर अनुबंध को ब्लॉक कर दिया गया था और उससे जुड़े क्रय आदेश निरस्त कर दिए गए थे।
गुणवत्ता जांच में पास दवाओं का ही हुआ वितरण
निगम के अनुसार, कंपनी द्वारा आपूर्ति की गई दवाओं का परीक्षण सीजीएमएससी की अनुबंधित NABL मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में कराया गया था। परीक्षण में दवाएं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाई गईं, जिसके बाद ही उनका वितरण स्वास्थ्य संस्थानों को किया गया, कंपनी ने यह भी जानकारी दी है कि उसने इस मामले में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर मुख्य पीठ में याचिका दायर की है। मामले की सुनवाई 10 जून 2026 को निर्धारित है। सीजीएमएससी ने कहा कि न्यायालय के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नई खरीद और अनुबंध पर रोक
ब्लैकलिस्टिंग की सूचना प्राप्त होने के बाद सीजीएमएससी द्वारा संबंधित कंपनी के साथ कोई नया दर अनुबंध या नया क्रय आदेश जारी नहीं किया गया है। निगम ने इसे गुणवत्ता और दवा विनियामक मानकों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का हिस्सा बताया है, सीजीएमएससी ने पुनः स्पष्ट किया है कि दवाओं की खरीद और आपूर्ति पूरी तरह गुणवत्ता आधारित प्रक्रिया के तहत होती है। आम जनता तक दवाएं पहुंचाने से पहले प्रत्येक बैच का गुणवत्ता परीक्षण किया जाता है और मानकों के अनुरूप पाए जाने पर ही उन्हें स्वास्थ्य केंद्रों मंर वितरित किया जाता है।
यह भी पढ़ें : CG News: प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का असर, जशपुर के किसान सुधीर लकड़ा की सफलता की कहानी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
