Rewa News: रीवा के कारोबारी की मौत के बाद पत्नी ने किया सुसाइड, ‘साथ जिएंगे-साथ मरेंगे’ की बात बनी हकीकत

Rewa News: रीवा के कारोबारी की मौत के बाद पत्नी ने किया सुसाइड, ‘साथ जिएंगे-साथ मरेंगे’ की बात बनी हकीकत

Rewa News: रीवा के कारोबारी की मौत के बाद पत्नी ने किया सुसाइड, ‘साथ जिएंगे-साथ मरेंगे’ की बात बनी हकीकत

Rewa News: रीवा के युवा कारोबारी प्रदीप सोनी और उनकी पत्नी वैशाली खड़ायत की प्रेम कहानी का अंत बेहद दर्दनाक तरीके से हुआ। प्रदीप की अचानक मौत की खबर मिलने के कुछ ही मिनट बाद उनकी पत्नी वैशाली ने भी उत्तराखंड में आत्महत्या कर ली। एक ही दिन में पति-पत्नी की मौत से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

‘साथ जिएंगे, साथ मरेंगे’ की बात हुई सच

परिजनों के अनुसार प्रदीप और वैशाली ने वर्ष 2021 में प्रेम विवाह किया था। दोनों के बीच गहरा भावनात्मक रिश्ता था। परिवार के लोगों ने बताया कि एक बार बातचीत के दौरान दोनों ने मजाक में कहा था कि वे साथ जिएंगे और साथ ही मरेंगे। उस समय किसी ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया था, लेकिन अब वही शब्द परिवार को भावुक कर रहे हैं।

पिता ने बताया बहू का समर्पण

प्रदीप के पिता और शहर के प्रतिष्ठित सराफा कारोबारी परमानंद सोनी ने बताया कि उनकी बहू वैशाली अपने पति से बेहद प्रेम करती थी। उन्होंने कहा कि बेटे की मौत की जानकारी मिलने के करीब पांच मिनट बाद ही वैशाली ने भी अपनी जान दे दी। परिवार का कहना है कि वह इस सदमे को सहन नहीं कर सकी।

प्रदीप सोनी और वैशाली खड़ायत।

घर में मृत मिले प्रदीप सोनी

जानकारी के मुताबिक प्रदीप सोनी रीवा के अनंतपुर स्थित अपने घर में अकेले थे। उनकी पत्नी कुछ दिन पहले अपने मायके उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले गई हुई थीं। रविवार को जब लंबे समय तक प्रदीप का मोबाइल बंद मिला तो परिजनों को चिंता हुई, परिवार के सदस्य घर पहुंचे और काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसे तोड़ा गया। अंदर बाथरूम में प्रदीप मृत अवस्था में मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

कार्डियक अरेस्ट से मौत की आशंका

प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने प्रदीप की मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट होने की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार उन्हें पहले किसी गंभीर बीमारी की जानकारी नहीं थी। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर रिपोर्ट का इंतजार शुरू कर दिया है।

पति की मौत की खबर सुनकर टूट गई वैशाली

दूसरी ओर उत्तराखंड में मौजूद वैशाली खड़ायत को फोन पर पति की मौत की जानकारी मिली। परिजनों के मुताबिक यह खबर सुनने के बाद वह गहरे सदमे में चली गई। कुछ समय बाद वह घर से निकल गई और फिर वापस नहीं लौटी, तलाश के दौरान शाम को जाजरदेवल थाना क्षेत्र के नैनीसैनी गधेरे के पास एक तालाब में उसका शव मिला। घटनास्थल से उसका मोबाइल फोन और पर्स भी बरामद हुआ।

पुलिस को नहीं मिला कोई संदिग्ध पहलू

एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा के अनुसार अब तक की जांच में किसी भी तरह की आपराधिक साजिश या संदिग्ध तथ्य सामने नहीं आए हैं। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

युवाओं में बढ़ रहे कार्डियक अरेस्ट के मामले

हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. वीडी त्रिपाठी के अनुसार हाल के वर्षों में युवाओं में कार्डियक अरेस्ट के मामले बढ़े हैं। अनियमित जीवनशैली, तनाव, धूम्रपान, शराब सेवन, जंक फूड और शारीरिक गतिविधियों की कमी इसके प्रमुख कारण हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और व्यायाम से ऐसे जोखिमों को कम किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें : Rewa News: शौर्य चक्र विजेता CRPF जवान संजय तिवारी का रीवा में भव्य स्वागत, बोले- जान से बढ़कर देश है

Vindhya Times
Author: Vindhya Times

विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

Leave a Comment

और पढ़ें