CG News: ‘दीदी के गोठ’ के 12वें संस्करण में महिला सशक्तिकरण की गूंज, लखपति दीदियों की सफलता बनी मिसाल
CG News: बस्तर संभाग मुख्यालय स्थित पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार में आयोजित ‘दीदी के गोठ’ के 12वें संस्करण में महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की प्रेरक तस्वीर देखने को मिली. बस्तर संभाग के अलग-अलग जिलों से पहुंचीं हजारों महिलाओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान स्वरोजगार से सफलता हासिल करने वाली लखपति दीदियों की कहानियों ने महिलाओं में नया आत्मविश्वास जगाया और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया.
महिलाओं को बताया बदलाव की सबसे बड़ी ताकत
वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर की महिलाएं हर चुनौती का सामना करते हुए विकास की नई कहानी लिख रही हैं. उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का असली उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब महिलाएं उनका लाभ लेकर आर्थिक रूप से मजबूत बनें. उन्होंने बिहान योजना, मध्याह्न भोजन योजना समेत कई योजनाओं को महिलाओं के जीवन में बदलाव का आधार बताया, बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति महिलाओं के सशक्तिकरण पर निर्भर करती है. उन्होंने दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, लखपति दीदी योजना, महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने हजारों महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाया है.
स्वरोजगार से बदल रही ग्रामीण महिलाओं की जिंदगी
चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने कहा कि बस्तर की महिलाएं अब सिर्फ घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं. वे मुर्गीपालन, बकरीपालन, मत्स्यपालन, सब्जी उत्पादन और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों के जरिए परिवार की आय बढ़ा रही हैं. जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने भी महिलाओं की मेहनत और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया, कार्यक्रम में चपका की नीतू झा, सुलेंगा की सुगनी कश्यप और इरपा की हेमबती नाग सहित कई सफल लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया. उन्हें प्रमाण-पत्र के साथ सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए गए. उनकी सफलता की कहानियां कार्यक्रम में मौजूद अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बनीं.
बिहान योजना से मिली नई उड़ान
कोंडागांव जिले की नम्रता पटेल ने बताया कि बिहान योजना के तहत बैंक लिंकेज और 5 लाख रुपये के ऋण की मदद से उन्होंने अपने ‘अमृत तुल्य’ चाय एवं नाश्ता कैफे का विस्तार किया. आज उनके कैफे से प्रतिदिन करीब 5 हजार रुपये की आय हो रही है. उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और सरकारी सहयोग मिलने पर महिलाएं किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं, कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और आत्मनिर्भर बस्तर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया. इस अवसर पर कलेक्टर आकाश छिकारा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ को पर्यटन हब बनाने की तैयारी, मंत्री राजेश अग्रवाल ने अधिकारियों को दिए बड़े निर्देश
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
