CG News: छत्तीसगढ़ में ‘मेरा परिवार गौव्रति परिवार’ अभियान शुरू, मुख्यमंत्री साय ने गौ संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित गौ सेवा संगम और गौ विज्ञान परीक्षा पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान ‘मेरा परिवार गौव्रति परिवार’ अभियान की शुरुआत की. उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है. मुख्यमंत्री ने लोगों से इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की अपील की.
1.64 लाख विद्यार्थियों ने दिखाई रुचि
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष आयोजित गौ विज्ञान परीक्षा में प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों के 1 लाख 64 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं में भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और वैज्ञानिक सोच के प्रति बढ़ती जागरूकता उत्साहजनक है.
हर परिवार निभाए गौ संरक्षण की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने घर और आसपास के लोगों को गौ सेवा और गौ संरक्षण के लिए प्रेरित करें. उनका कहना था कि जब हर परिवार इस दिशा में संकल्प लेगा, तभी यह अभियान व्यापक स्तर पर सफल होगा, राज्य सरकार ने पंजीकृत गौशालाओं में गायों के चारे के लिए मिलने वाली सहायता राशि को 20 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये प्रतिदिन कर दिया है. इसके अलावा सुरभि गौधाम योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से युक्त गौधाम विकसित किए जा रहे हैं, जहां पशु चिकित्सा, देखभाल और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी.
गोबर और गोमूत्र से बढ़ेगा ग्रामीण रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोबर और गोमूत्र आधारित उत्पाद ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बना सकते हैं. सरकार ऐसे उत्पादों के निर्माण, प्रशिक्षण और विपणन को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है, ताकि पशुपालकों की आय में वृद्धि हो सके, मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में सामान्य होते हालात के बीच डेयरी विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के सहयोग से देसी गाय उपलब्ध कराने की योजना शुरू की गई है. इससे दूध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है.
न्योता भोज पहल की सराहना
मुख्यमंत्री ने शाला प्रवेश उत्सव और न्योता भोज जैसी पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य खास अवसरों पर स्कूलों में बच्चों के साथ भोजन कराने की परंपरा समाज और विद्यालय के रिश्तों को मजबूत बना रही है. इससे बच्चों को अतिरिक्त पोषण भी मिल रहा है, गौ विज्ञान परीक्षा के विजेताओं को समारोह में सम्मानित किया गया. प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 31 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 11 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई. मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए गौ संरक्षण के संदेश को समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में राशन कार्ड सेवा हुई ऑनलाइन, अब घर बैठे करें आवेदन और अपडेट
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
