CG News: राजनांदगांव में पीएम सूर्य घर योजना का असर, 1,155 परिवारों का बिजली बिल हुआ शून्य, हजारों घरों में लगे सोलर प्लांट
CG News: प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के तहत छत्तीसगढ़ का राजनांदगांव जिला सौर ऊर्जा अपनाने में तेजी से आगे बढ़ रहा है. प्रभावी क्रियान्वयन के दम पर जिला प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है. योजना के जरिए हजारों परिवार बिजली खर्च में राहत पा रहे हैं और स्वच्छ ऊर्जा को अपनाकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं, जिले में अब तक योजना के तहत 8,256 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें से 4,120 घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं. शेष आवेदनों में दस्तावेजों की जांच और सोलर प्लांट लगाने की प्रक्रिया तेजी से जारी है, ताकि अधिक से अधिक परिवारों को योजना का लाभ मिल सके.
1,155 परिवारों का बिजली बिल हुआ शून्य
योजना के तहत अब तक 3,205 हितग्राहियों को सरकारी सब्सिडी का लाभ मिल चुका है. इनमें 1,155 ऐसे परिवार शामिल हैं, जिनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है. कई उपभोक्ता अपनी जरूरत पूरी करने के बाद अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर अतिरिक्त आय भी अर्जित कर रहे हैं, योजना की जानकारी हर पात्र परिवार तक पहुंचाने के लिए जिले की ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से ‘पीएम सूर्य सभा’ आयोजित की जा रही है. इन शिविरों में लोगों को आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, सब्सिडी और रूफटॉप सोलर सिस्टम की पूरी जानकारी दी जा रही है. इच्छुक लोगों के आवेदन भी मौके पर ही स्वीकार किए जा रहे हैं.
स्वच्छ ऊर्जा के साथ बिजली खर्च में राहत
इस योजना का उद्देश्य घरेलू बिजली खर्च कम करना, स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना, कार्बन उत्सर्जन में कमी लाना और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करना है. पात्र हितग्राहियों को निर्धारित नियमों के अनुसार सरकारी सब्सिडी भी उपलब्ध कराई जा रही है, राजनांदगांव में योजना का सफल क्रियान्वयन यह दर्शाता है कि जनजागरूकता, समयबद्ध कार्रवाई और हितग्राही केंद्रित प्रयासों से सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है. इससे जहां परिवारों का बिजली खर्च कम हुआ है, वहीं जिले में स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को भी नई गति मिली है.
यह भी पढ़ें : CG News: नारायणपुर में रेशम उत्पादन से बदली ग्रामीणों की तस्वीर, कोसापालन बना रोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
