MP News: जन विश्वास शिविर में सख्त कार्रवाई, लंबित मामलों पर दो अधिकारियों पर गिरी गाज
MP News: सतना में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के दौरान शिकायतों के निराकरण में लापरवाही सामने आने पर अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई. नगर निगम सभागार में आयोजित शिविर में रीवा संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा की. इस दौरान लंबे समय से लंबित मामलों को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगा गया.

लेखापाल आशुतोष मिश्रा निलंबित
आदिम जाति कल्याण विभाग में करीब एक साल तक देयक रोककर रखने के मामले को गंभीरता से लिया गया. शिकायत की समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आने पर विभाग के लेखापाल आशुतोष मिश्रा को निलंबित कर दिया गया. संभागायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में अनावश्यक देरी और शिकायतों को लंबित रखना स्वीकार नहीं किया जाएगा.
अनुकंपा नियुक्ति का मामला भी बना वजह
नगर निगम में अनुकंपा नियुक्ति से जुड़ा मामला करीब एक साल तक लंबित रहने पर भी संभागायुक्त ने नाराजगी जताई. मामले में नगर निगम की गेस्ट संपरीक्षक आरती गुप्ता के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए गए. लंबे समय से लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया गया.
15 दिन में शिकायतों का निराकरण
संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों को लंबित शिकायतों के जल्द निराकरण के निर्देश दिए. संबंधित विभागों को मामलों का समाधान करने के लिए 15 दिन की समय सीमा तय की गई है. उन्होंने कहा कि आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तय समय में कार्रवाई करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है.
निराकरण के बाद भी होगा फॉलोअप
संभागायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का उद्देश्य केवल शिकायतों का निराकरण करना नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना है कि लोगों को वास्तविक राहत मिली या नहीं. शिकायतों के समाधान के बाद उनका फॉलोअप भी किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि भविष्य में शिकायतों के निराकरण में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में बारिश से कई इलाके जलमग्न, घरों तक पहुंचा पानी, नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
