Rewa News: चित्रकूट में मंदाकिनी का जलस्तर घटा, 6 गांवों में रेस्क्यू, CM मोहन यादव ने दिए राहत के निर्देश
Rewa News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार रात दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे. सर्किट हाउस में उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रीवा और सतना जिले में बारिश, बाढ़ और जलभराव की स्थिति की जानकारी ली. इसके बाद रविवार सुबह मुख्यमंत्री चित्रकूट पहुंचे और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया. लगातार बारिश के कारण मंदाकिनी नदी में जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में हालात चुनौतीपूर्ण बने थे, हालांकि अब नदी का पानी तेजी से कम हो रहा है.

मंदाकिनी उफान पर
चित्रकूट में बाढ़ के कारण रामघाट से हनुमान धारा जाने वाला पुराना पुल क्षतिग्रस्त हो गया है. प्रशासन के साथ एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव अभियान में जुटी हुई हैं. जरूरत के अनुसार सेना के हेलीकॉप्टरों की मदद भी ली जा रही है. बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए छह आश्रय स्थलों पर ठहरने, भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है, ताकि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिल सके.

6 गांवों में चला रेस्क्यू अभियान
सतना जिले के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए छह गांवों में रेस्क्यू अभियान चलाया गया. अब तक सात लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा चुका है. अधिकारियों के अनुसार यदि रात के समय दोबारा तेज बारिश नहीं होती है, तो हालात जल्द सामान्य होने की संभावना है. वहीं, नया गांव डैम को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक राहत और पुनर्व्यवस्था की कार्रवाई की जा सके.

श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था के निर्देश
मुख्यमंत्री ने चित्रकूट में फंसे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. उन्होंने सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था के साथ भोजन, कपड़े और साफ पेयजल उपलब्ध कराने को कहा. सद्गुरु आश्रम में ठहरे श्रद्धालुओं के मोबाइल नंबर लेकर उनके परिजनों से संपर्क कराने के भी निर्देश दिए गए, ताकि वे अपने परिवारों से बातचीत कर सकें. अधिकारियों के मुताबिक जैतवारा गांव में बड़ी संख्या में लोग रुके हुए हैं, जहां प्रशासन की ओर से भोजन, पानी और कपड़ों की व्यवस्था की गई है.
जनहानि रोकने पर CM का फोकस
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ और बारिश के दौरान किसी भी स्थिति में जनहानि और पशुहानि नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कम प्रभावित जिलों से आवश्यक बचाव उपकरण बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भेजने और एनडीआरएफ की टीमों को पूरी सक्रियता से राहत कार्य में लगाने को कहा. बैठक में रीवा, सतना और सतना-चित्रकूट मार्ग की स्थिति की भी समीक्षा की गई. रीवा कलेक्टर ने बताया कि जिले में स्थिति नियंत्रण में है और प्रभावित लोगों के प्रकरण तैयार किए जा चुके हैं. पशुहानि की स्थिति में नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
यह भी पढ़ें : MP News: सतना-चित्रकूट में मूसलाधार बारिश से बिगड़े हालात, रामघाट डूबा और सड़कें बनीं दरिया
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
