Rewa News: ATM में कार्ड फंसाकर 5.40 लाख उड़ाने वाला गिरोह पकड़ा गया, बिहार-झारखंड से 5 आरोपी गिरफ्तार
Rewa News: रीवा में ATM कार्ड फंसने के बाद मदद के बहाने बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. बिछिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिहार और झारखंड से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 24 अगस्त को एसएएफ चौराहा स्थित SBI ATM में महिला का कार्ड फंसने के बाद उसके खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए करीब 5.40 लाख रुपए निकाल लिए थे.

मदद के बहाने बदमाशों ने किया खेल
24 अगस्त की सुबह मुकेश मिश्रा अपनी पत्नी कल्पना त्रिपाठी का ATM कार्ड लेकर एसएएफ चौराहा स्थित SBI ATM पहुंचे थे. उन्होंने मशीन में कार्ड डालकर PIN दर्ज किया, जिसके बाद कैश डिस्पेंस का मैसेज आया, लेकिन कार्ड बाहर नहीं निकला. इसी दौरान ATM के आसपास मौजूद लोगों में से एक ने मदद की बात कही और गार्ड या बैंक से संपर्क करने की सलाह दी. ATM में गार्ड मौजूद नहीं था, इसी बीच मुकेश कुछ समय के लिए वहां से हटे.
खाते से लगातार कटती रही रकम
मुकेश के वहां से हटने के बाद उनकी पत्नी का फोन आया, जिसमें खाते से लगातार पैसे कटने के मैसेज मिलने की जानकारी दी गई. इसके बाद बैंक मैनेजर और साइबर हेल्पलाइन को सूचना देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई गई. जांच में पुलिस को पता चला कि खाते से कई अलग-अलग ट्रांजेक्शन किए गए थे और कुल 5.40 लाख रुपए निकाले जा चुके थे. इसके बाद बिछिया पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की.
मोबाइल और टावर लोकेशन से पहुंची पुलिस
पुलिस ने जांच के दौरान संदिग्ध मोबाइल नंबरों और टावर लोकेशन को खंगाला. सुराग मिलने के बाद पुलिस टीम बिहार और झारखंड पहुंची और अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपियों में गया निवासी अभिषेक कुमार गुप्ता, इमरान अंसारी और कार्यानंद सरस्वती, जबकि कोडरमा निवासी मोहम्मद फैज अंसारी और अभिमन्यु कुमार वर्मा शामिल हैं. पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया है.
4 लाख कैश समेत सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लाख रुपए नकद, एक लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन, एक POS मशीन, तीन सिम कार्ड और 30 PhonePe स्कैनर बरामद किए हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें केंद्रीय जेल रीवा भेज दिया गया. पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इसी तरह की दूसरी वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है.
यह भी पढ़ें : Ganesh Chaturthi 2026: घर में गणपति स्थापना से पहले तैयार रखें पूजा सामग्री की पूरी लिस्ट
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
