CG News: 19,500 KM पैदल चलकर भारत को समझ रहे सौरभ, 7 अक्टूबर को रायपुर में पूरा करेंगे 20 हजार KM
CG News: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के जारा गांव के रहने वाले सौरभ देवांगन ने देश को करीब से जानने के लिए अनोखी यात्रा शुरू की. 7 अक्टूबर 2021 को शुरू हुआ उनका पैदल भारत भ्रमण अब 19,500 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय कर चुका है. सौरभ का लक्ष्य देश की विविधता को जमीन पर उतरकर समझना है. अब वे आगामी 7 अक्टूबर को रायपुर में 20 हजार किलोमीटर का पड़ाव पूरा करने की तैयारी कर रहे हैं.
27 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों का सफर
सौरभ अपनी यात्रा के दौरान अब तक 27 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों में पैदल भ्रमण कर चुके हैं. उन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों की भाषाओं, संस्कृतियों, खान-पान और रहन-सहन को करीब से देखा है. ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर से लेकर बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड तक उनका सफर पहुंचा. इसके अलावा दक्षिण भारत सहित जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, चंडीगढ़, पुडुचेरी और दमन एवं दीव की भी यात्रा की है.

पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सौरभ की यात्रा सिर्फ भारत भ्रमण तक सीमित नहीं है, बल्कि वे रास्ते में लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं. वे लोगों से पौधे लगाने, प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और कचरा डस्टबिन में डालने की अपील करते हैं. सौरभ का कहना है कि स्वच्छ और हरित भारत बनाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं है. नागरिक अपनी रोजमर्रा की छोटी आदतों में बदलाव करके भी पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं.
आम लोगों से समझा भारत
सौरभ के मुताबिक, उनका उद्देश्य केवल देश घूमना या किसी रिकॉर्ड का हिस्सा बनना नहीं है. वे गांवों, कस्बों और शहरों में पैदल पहुंचकर आम लोगों से मिलना और उनकी जिंदगी को समझना चाहते हैं. यात्रा के दौरान उन्होंने लोगों के संघर्ष, उम्मीदों और अनुभवों को करीब से जाना. डोंगरगढ़ पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया. सोन कुमार सिन्हा, अनुराधा शर्मा और जिज्ञासु टांक सहित कई लोगों ने उनसे मुलाकात कर यात्रा के अनुभव सुने.
रायपुर में पूरा होगा लक्ष्य
फिलहाल सौरभ अपनी यात्रा के अंतिम चरण में खैरागढ़ की ओर बढ़ रहे हैं. इसके बाद उनका सफर राजनांदगांव, भिलाई और छत्तीसगढ़ के कुछ अन्य इलाकों से होते हुए रायपुर तक पहुंचेगा. 7 अक्टूबर को रायपुर में यात्रा पूरी करने पर उनका कुल पैदल सफर करीब 20 हजार किलोमीटर हो जाएगा. सौरभ ने बताया कि उन्होंने यात्रा की शुरुआत भी 7 अक्टूबर को की थी, इसलिए उसी तारीख को इसे पूरा करना उनके लिए खास होगा.
यह भी पढ़ें : CG News: बस्तर में शहीद परिवारों के बीच जलेंगे दीये, नक्सल प्रभावित इलाकों में होगा विशेष आयोजन
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
