MP News: मध्यप्रदेश में जेल सुधार और बंदी पुनर्वास अधिनियम लागू करने की तैयारी, 4 IAS अधिकारियों की समिति 10 दिन में देगी रिपोर्ट
MP News: मध्यप्रदेश में जेलों की व्यवस्था को आधुनिक बनाने और बंदियों के अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार ने प्रक्रिया तेज कर दी है. प्रदेश में मध्यप्रदेश सुधारात्मक सेवाएं एवं बंदी पुनर्वास अधिनियम-2024 को लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है. इसके लिए चार आईएएस अधिकारियों की समिति गठित की गई है. समिति को 10 कार्य दिवस के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं.
![]()
चार IAS अधिकारियों की समिति करेगी नियमों की समीक्षा
सरकार की ओर से गठित समिति में जेल विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश चंद्र गुप्ता, वित्त विभाग के सचिव लोकेश कुमार जाटव, विधि कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार और जेल विभाग के उपसचिव कमल नगर को शामिल किया गया है. समिति अधिनियम के प्रावधानों, नियमों और उनके क्रियान्वयन से जुड़े पहलुओं की समीक्षा कर सुझाव देगी. इसके बाद मुख्य सचिव के स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
राजपत्र में प्रकाशित हो चुका है कानून
मध्यप्रदेश विधानसभा में मध्यप्रदेश सुधारात्मक सेवाएं एवं बंदी पुनर्वास अधिनियम-2024 पारित किया गया था. इसे 8 अगस्त 2024 को राज्यपाल की मंजूरी मिली और 12 अगस्त 2024 को राजपत्र में प्रकाशित किया गया. इस अधिनियम में कुल 68 धाराएं और 18 अध्याय शामिल हैं. हालांकि, कानून बनने के बाद भी इसके प्रावधानों को लागू करने के लिए नियमों और प्रक्रियाओं को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है. अब सरकार इसी प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है.
बंदियों के सुधार और पुनर्वास पर जोर
इस अधिनियम का मुख्य उद्देश्य जेल व्यवस्था को केवल सजा और अनुशासन तक सीमित न रखकर बंदियों के सुधार और पुनर्वास से जोड़ना है. इसके तहत बंदियों को कानूनी सहायता, शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रावधान किए गए हैं. साथ ही परिवार के सदस्यों से संपर्क और बंदियों के अधिकारों को सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है, नया अधिनियम लागू होने के बाद जेलों से संबंधित पुराने तीन कानूनों की जगह नई व्यवस्था प्रभावी होगी. इसके जरिए जेल प्रबंधन में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है. इसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, टेलीमेडिसिन, मोबाइल कनेक्टिविटी के माध्यम से संपर्क, कौशल प्रशिक्षण और बंदियों के पुनर्वास जैसे प्रावधान शामिल हैं.
रिहाई के बाद सामान्य जीवन में लौटने में मिलेगी मदद
सरकार का मानना है कि अधिनियम लागू होने से जेलों में व्यवस्थागत सुधार होगा और बंदियों को रिहाई के बाद समाज की मुख्यधारा में लौटने के बेहतर अवसर मिलेंगे. अब चार आईएएस अधिकारियों की समिति की रिपोर्ट के आधार पर नियमों और क्रियान्वयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा. समिति की रिपोर्ट के बाद अधिनियम को जमीन पर लागू करने की दिशा में अगला कदम उठेगा.
यह भी पढ़ें : MP News: ग्वालियर के मोतीमहल से शुरू हुई थी मध्यप्रदेश के गठन की कहानी, जानिए 200 साल पुराने महल का ऐतिहासिक महत्व
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “MP News: मध्यप्रदेश में जेल सुधार और बंदी पुनर्वास अधिनियम लागू करने की तैयारी, 4 IAS अधिकारियों की समिति 10 दिन में देगी रिपोर्ट”