CG News: छत्तीसगढ़ से वडनगर-काशी तक बाइक यात्रा, 60 युवाओं को CM साय ने दिखाई हरी झंडी
CG News: रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजेपी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर से भारतीय जनता युवा मोर्चा की बाइक यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है. छत्तीसगढ़ से शुरू हुई यह यात्रा प्रधानमंत्री के जन्मस्थल वडनगर और कर्मस्थल काशी को जोड़ते हुए आगे बढ़ेगी.

17 सितंबर से शुरू होगा अभियान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. हर वर्ष 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाता है. इस बार 25 वर्षों की जनसेवा के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत 12 से 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
60 युवाओं का दल हुआ रवाना
सीएम साय के मुताबिक, छत्तीसगढ़ से 60 युवाओं का दल बाइक यात्रा पर रवाना हुआ है. यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थल वडनगर और कर्मस्थल काशी को जोड़ने के उद्देश्य से निकाली जा रही है. 17 सितंबर को काशी में 10 पवित्र नदियों के जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा. इसके बाद यात्रा अपने निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ेगी और 7 अक्टूबर को वडनगर पहुंचकर पूरी होगी.

20 दिनों तक चलेगी यात्रा
यह बाइक यात्रा करीब 20 दिनों तक लगातार जारी रहेगी. यात्रा के दौरान युवाओं की टीम अलग-अलग स्थानों से गुजरते हुए प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों का संदेश लोगों तक पहुंचाएगी. आयोजन का उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचारों को आम लोगों तक पहुंचाना बताया गया है. यात्रा के जरिए युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ने की कोशिश की जा रही है.
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बाइक यात्रा के रवाना होने के दौरान बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन और अखिलेश सोनी सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए. प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, कार्यालय मंत्री अशोक बजाज और श्रम आयोग अध्यक्ष रामप्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया.
यह भी पढ़ें : CG News: कृषि धन-धान्य योजना में दंतेवाड़ा देश में 5वें स्थान पर, छत्तीसगढ़ में बनाया नया रिकॉर्ड
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
