Rewa News: अवैध शराब पर रीवा कमिश्नर सख्त, बड़े कारोबारियों पर कार्रवाई और 100% सैंपलिंग के दिए निर्देश
Rewa News: रीवा संभाग में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की धीमी रफ्तार और कम सैंपलिंग को लेकर कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है. आबकारी और जिला पंजीयन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे महज खानापूर्ति वाली कार्रवाई करने के बजाय बड़े अवैध शराब कारोबारियों, तस्करों और दलालों पर सीधा प्रहार करें.

अवैध शराब बिक्री पर लगेगी रोक
कमिश्नर ने ग्रामीण इलाकों में बिक रही अवैध और मिलावटी शराब पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं. मैहर जिले के गांवों से आ रही शिकायतों को प्राथमिकता के साथ निपटाने को कहा गया है. इसके अलावा, सीमावर्ती राज्यों से होने वाले अवैध शराब परिवहन को रोकने के लिए बॉर्डर से 5 से 6 किलोमीटर तक के गांवों पर विशेष निगरानी रखने और पुलिस-आबकारी विभाग को संयुक्त कार्रवाई करने के आदेश जारी किए गए हैं.
दैनिक समीक्षा के निर्देश
सैंपलिंग की कम संख्या पर आबकारी निरीक्षकों को फटकार लगाते हुए कमिश्नर ने हर कंपोजिट मदिरा दुकान की 100% जांच करने और अनिवार्य रूप से सैंपल लेने के निर्देश दिए. उन्होंने उड़नदस्ता दल को प्रतिमाह दुकानों का निरीक्षण करने तथा जिला अधिकारियों को रोजाना आबकारी कार्रवाइयों की समीक्षा करने के लिए कहा है ताकि व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे.
15 दिन बाद फिर होगी समीक्षा
अगस्त महीने में संभाग के विभिन्न जिलों में आबकारी मामलों की स्थिति दर्ज की गई, जिसमें रीवा में 115, सीधी में 73, सतना में 54, सिंगरौली में 48, मऊगंज में 42 और मैहर में 38 न्यायालयीन प्रकरण दर्ज हुए हैं. कमिश्नर ने इन आंकड़ों को अपर्याप्त बताते हुए कार्रवाई तेज करने की चेतावनी दी है. अधिकारियों को कार्यशैली सुधारने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है, जिसके बाद दोबारा समीक्षा बैठक बुलाई जाएगी.
राजस्व बढ़ाने के दिए कड़े निर्देश
बैठक में जानकारी दी गई कि अगस्त माह तक संभाग में कोई भी लाइसेंसी शराब दुकान डिफॉल्टर नहीं है. इसके साथ ही कमिश्नर ने पंजीयन विभाग की समीक्षा करते हुए राजस्व चोरी रोकने, दस्तावेजों की गहन जांच करने और अनियमितता पाए जाने पर जुर्माना लगाने के सख्त निर्देश दिए हैं, ताकि शासन को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हो सके. बैठक में संयुक्त आयुक्त वीरेंद्र पटेल सहित संभाग के सभी जिला आबकारी व पंजीयन अधिकारी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में स्कूटी के भीतर मिला 8 फीट लंबा धामन सांप, घंटों की मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










