MP News: मध्य प्रदेश का पहला साइकोलॉजिकल केयर सेंटर शुरू, कैदियों के मेंटल हेल्थ की होगी नियमित काउंसलिंग
MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित सेंट्रल जेल में बंद कैदियों के मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने के लिए एक अनुकरणीय पहल की गई है, जेल विभाग द्वारा सेंट्रल जेल परिसर में प्रदेश के पहले ‘साइकोलॉजिकल केयर सेंटर’ का विधिवत उद्घाटन किया गया है, मध्य प्रदेश के इतिहास में यह पहला अवसर है जब जेल में बंद बंदियों के मेंटल हेल्थ को लेकर विशेष रूप से काउंसलिंग और उपचार की व्यवस्था शुरू की गई है.

जेल डीजी वरुण कपूर ने किया केंद्र का शुभारंभ
प्रदेश के जेल महानिदेशक (DG) वरुण कपूर ने भोपाल सेंट्रल जेल के अधीक्षक मानवेंद्र सिंह की मौजूदगी में इस केयर सेंटर का शुभारंभ किया, इस अवसर पर जेल डीजी ने बताया कि वर्तमान में भोपाल सेंट्रल जेल में लगभग 3,300 कैदी निरुद्ध हैं, इनमें से कई बंदी गंभीर मानसिक तनाव, एंग्जायटी और डिप्रेशन की समस्या से जूझ रहे हैं, इस सेंटर के माध्यम से ऐसे कैदियों की पहचान कर उनकी काउंसलिंग की जाएगी.
राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी के साथ एमओयू के तहत पहल
यह महत्वपूर्ण सुविधा मध्य प्रदेश जेल विभाग और राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी (गुजरात) के मध्य हुए द्विपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत आकार ले सकी है, भोपाल स्थित राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञ मनोवैज्ञानिक जेल में आकर कैदियों से सीधे संवाद करेंगे, उनकी नियमित काउंसलिंग करेंगे और उनके बेहतर मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराएंगे.
गंभीर मामलों में बड़े अस्पतालों में इलाज का प्रबंध
काउंसलिंग सत्रों के संचालन के साथ ही यदि किसी कैदी में गंभीर मानसिक विकार के लक्षण दिखाई देते हैं और उसे उच्चस्तरीय उपचार की आवश्यकता होती है, तो जेल विभाग उसे तत्काल सुपर स्पेशलिटी या बड़े अस्पताल ले जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा, ताकि किसी भी बंदी के इलाज में कोई बाधा न आए और उसे समय पर उचित चिकित्सा मिल सके.
अन्य जिलों की जेलों में भी विस्तार की योजना
जेल प्रशासन के अनुसार नियमित काउंसलिंग से कैदियों की सोच में सकारात्मक बदलाव आएगा और जेल परिसर के भीतर अनुशासन बनाए रखने में भी मदद मिलेगी, भोपाल में मिली सफलता के आधार पर आने वाले समय में मध्य प्रदेश के अन्य जिलों में स्थित केंद्रीय और जिला जेलों में भी इस प्रकार के साइकोलॉजिकल केयर सेंटर खोले जाने की योजना है.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: सीधी में सड़क निर्माण की मांग को लेकर 11 दिन से धरना, समर्थन में पहुंचीं महापौर की गाड़ी कीचड़ में फंसी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










