MP News: MP सरकार ने खरीदा 225 करोड़ का हेलिकॉप्टर और 350 करोड़ का जेट, एयर कनेक्टिविटी के लिए बनेंगे 63 नए हेलिपैड
MP News: मध्य प्रदेश सरकार अपने सरकारी हवाई बेड़े को हाइटेक बनाने के लिए फ्रांस की एयरबस कंपनी से करीब 225 करोड़ रुपए का ACH160 हेलिकॉप्टर और कनाडा से करीब 350 करोड़ रुपए का बॉम्बार्डियर चैलेंजर-3500 जेट खरीद रही है, बॉम्बार्डियर जेट की डिलीवरी इसी सितंबर के अंत तक और हेलिकॉप्टर की डिलीवरी नवंबर माह में होने की संभावना है, इस नए वीआईपी बेड़े के संचालन के लिए प्रदेश के पायलटों को कनाडा भेजकर विशेष प्रशिक्षण भी दिलवाया गया है.

हर 50 किलोमीटर के दायरे में बनेंगे 63 नए हेलिपैड
नए हेलिकॉप्टर और जेट के सुगम संचालन व राज्य भर में एयर कनेक्टिविटी का विस्तार करने के लिए सरकार अगले दो वर्षों में 63 नए हेलिपैड बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है, सरकार की योजना हर 50 किलोमीटर के दायरे में हेलिपैड का नेटवर्क तैयार करने की है, ताकि मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी अधिकारियों को सीधे संबंधित जिलों और सुदूर अंचलों तक पहुंचने का त्वरित विकल्प मिल सके और समय की बचत हो सके.
300 से 400 करोड़ की लागत से होगा विस्तार
नए 9-सीटर बॉम्बार्डियर चैलेंजर-3500 जेट के उतरने के लिए कम से कम 1800 से 2100 मीटर लंबे रनवे की आवश्यकता है, वर्तमान में प्रदेश की 28 एयरफील्ड में से केवल 10 स्थानों पर ही यह क्षमता उपलब्ध है, लिहाजा विमानन विभाग ने राज्य की 20 हवाई पट्टियों के विस्तार के लिए जिला कलेक्टरों से जमीन की उपलब्धता मांगी है, जिसके रनवे और एप्रोच रोड के विस्तार पर लगभग 300 से 400 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे.
13 साल पुराना हुआ मौजूदा हेलिकॉप्टर
मध्य प्रदेश सरकार के पास वर्तमान में मौजूद एयरबस EC155 B1 हेलिकॉप्टर वर्ष 2011 में खरीदा गया था, 13 साल पुराने इस हेलिकॉप्टर के लगातार बढ़ते मेंटेनेंस और रखरखाव खर्च को देखते हुए सरकार ने बेड़े को अपग्रेड करने का फैसला लिया है, नए विमानों के आ जाने से राज्य के पास एक आधुनिक, सुरक्षित और लंबी दूरी की निर्बाध उड़ान भरने में सक्षम सरकारी बेड़ा उपलब्ध हो जाएगा.
किराए में हर साल बचेंगे 60 से 70 करोड़ रुपए
पिछले ढाई वर्षों के दौरान सरकारी दौरों के लिए निजी विमान और हेलिकॉप्टर किराए पर लेने के मद में मोहन सरकार को सालाना औसतन 60 से 70 करोड़ रुपए खर्च करने पड़ रहे थे, नया जेट और आधुनिक एयरबस हेलिकॉप्टर बेड़े में शामिल हो जाने के बाद सरकार को इस भारी-भरकम किराए से राहत मिलेगी और हर साल करोड़ों रुपए के राजस्व की बचत होगी, जिसका उपयोग जनहित की अन्य योजनाओं में किया जा सकेगा.
यह भी पढ़ें : MP News: MP में शुरू होगी 30 हजार से अधिक शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया, 48 हजार पदों पर नई भर्ती के आसार
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |









