Rewa News: रीवा में इलाज में लापरवाही का आरोप, सांस फूलने पर डॉक्टर ने लिख दी मिर्गी की दवा
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में सोमवार देर शाम एक महिला अपने बेटे के गलत इलाज और डॉक्टर की लापरवाही की गंभीर शिकायत लेकर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के पास पहुंची, पीड़ित महिला का आरोप है कि उसके मासूम बेटे को सांस फूलने की समस्या थी, परंतु निजी प्रैक्टिस कर रहे डॉक्टर वीरभान सिंह ने बिना सही जांच किए उसे मिर्गी (सीज़र) की दवाइयां लिख दीं, महिला ने शिकायत के समर्थन में डॉक्टर के क्लीनिक से जुड़ा एक वीडियो भी कलेक्टर को सौंपा.

अस्पताल की ईसीजी रिपोर्ट सामान्य
महिला ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर उसे पूर्व में संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय (SGMH) में भी दिखाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसकी ईसीजी (ECG) रिपोर्ट को पूरी तरह सामान्य बताया था, इसके बावजूद डॉक्टर वीरभान सिंह द्वारा बच्चे का मुख्य रोग सांस फूलना नजरअंदाज कर मिर्गी संबंधी भारी दवाइयां दी जाती रहीं, जिससे बच्चे के स्वास्थ्य को लेकर परिजनों में चिंता गहरा गई.
भारी-भरकम इलाज खर्च का आरोप
पीड़िता के अनुसार, संजय गांधी अस्पताल की रिपोर्ट सामान्य आने के बाद जब वह दोबारा संबंधित डॉक्टर से मिलने पहुंची, तो उन्हें बच्चे की एमआरआई (MRI) कराने की खर्चीली सलाह दी गई, महिला ने डॉक्टर पर आर्थिक शोषण का आरोप लगाते हुए बताया कि इलाज के नाम पर उनसे दो बार में 600-600 रुपये की फीस और लगभग 1500 रुपये की बेवजह दवाइयां खरीदवाकर करीब 2500 रुपये ऐंठ लिए गए.
क्लीनिक का वीडियो वायरल
शिकायत के साथ ही महिला ने डॉक्टर के क्लीनिक का एक वीडियो भी कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसमें डॉक्टर द्वारा मीडिया व व्यवस्था को लेकर कथित टिप्पणी की बात कही गई है, पूरे मामले को बेहद संवेदनशीलता से लेते हुए कलेक्टर ने तुरंत संजय गांधी अस्पताल के अधीक्षक को बच्चे का निशुल्क व समुचित इलाज शुरू करने के निर्देश दिए और प्रशासनिक जांच के बाद दोषी पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया.
आरोपी डॉक्टर ने आरोपों को बताया निराधार
दूसरी ओर, मामले में घिरे डॉक्टर वीरभान सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें पूरी तरह निराधार और भ्रामक करार दिया है, डॉक्टर का कहना है कि उन्होंने मरीज का इलाज मेडिकल प्रोटोकॉल और लक्षणों के आधार पर पूरी ईमानदारी से किया है तथा इलाज में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती गई है, उन्होंने कहा कि प्रशासनिक जांच में पूरी स्थिति और दूध का दूध, पानी का पानी स्पष्ट हो जाएगा.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा जिले में पंचायत उपचुनाव हेतु मतदान शुरू, 3 अक्टूबर को होगी मतगणना
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
