Rewa News: रीवा में अंतरराज्यीय चंदन चोर गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, 57 किलो कीमती चंदन की लकड़ी और औजार बरामद
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले की अमहिया थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय चंदन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से लगभग 57 किलोग्राम कीमती चंदन की लकड़ी बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत करीब 5 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है, इसके साथ ही चोरी में प्रयुक्त हथियार और औजार भी जब्त किए गए हैं.
बंगले से काट ले गए थे चंदन का पेड़
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि सिविल लाइन कॉलोनी निवासी पीड़ित फरियादी ने बीते 17 सितंबर को अमहिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, फरियादी के मुताबिक अज्ञात चोरों ने उनके बंगले के परिसर में लगे कीमती चंदन के पेड़ को काटकर लकड़ी चोरी कर ली थी, शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला पंजीकृत कर जांच प्रारंभ की थी.
तकनीकी साक्ष्य से मिली कामयाबी
चोरी की इस गंभीर घटना का सुराग लगाने के लिए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया और क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया, मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की घेराबंदी कर चारों आरोपियों को हिरासत में लिया, कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने चंदन चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया.
मंडला और दमोह जिले के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जसरथ पारदी (उम्र 35 वर्ष), तलकर आदिवासी (उम्र 35 वर्ष) व स्वागात आदिवासी (उम्र 20 वर्ष) – तीनों निवासी ग्राम देवली, जिला मंडला तथा मंगरू पावर (उम्र 22 वर्ष) – निवासी ग्राम सगौनी, जिला दमोह शामिल हैं, आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 57 किलो चंदन की लकड़ी के अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई आरी, चाकू और कुल्हाड़ी भी जब्त की है.
पुलिस आगे की जांच में जुटी
सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, अमहिया पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि यह अंतरराज्यीय गिरोह क्षेत्र में अन्य किन-किन चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है और वे चुराई गई चंदन की लकड़ी को कहां खपाने की योजना बना रहे थे.
यह भी पढ़ें : Sidhi News: ओडिशा पुलिस टीम पर फायरिंग और बैट से हमला कर NDPS आरोपी को छुड़ाया, मैहर की ओर भागे हमलावर
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
