Sidhi News: ओडिशा पुलिस टीम पर फायरिंग और बैट से हमला कर NDPS आरोपी को छुड़ाया, मैहर की ओर भागे हमलावर
Sidhi News: रीवा-सीधी सीमा पर स्थित रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत छुहिया घाटी में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे एक अत्यंत सनसनीखेज वारदात सामने आई है, ओडिशा से NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को रीवा जिला न्यायालय में पेशी के लिए ला रही ओडिशा पुलिस की टीम पर घात लगाकर बैठे बदमाशों ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया, इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे प्रशासनिक व पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में आसपास के सभी जिलों की पुलिस को हाई अलर्ट जारी कर दिया गया.

बदमाशों ने की फायरिंग और मारपीट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब ओडिशा पुलिस का वाहन छुहिया घाटी के मोड़ से गुजर रहा था, तभी चार चारपहिया गाड़ियों में सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया, प्रत्यक्षदर्शियों व पुलिस बयान के अनुसार बदमाशों ने पुलिसकर्मियों को डराने और दबाने के लिए कथित तौर पर तीन राउंड गोलियां चलाईं और बेसबॉल बैट से हमला बोल दिया, इसके बाद आरोपी आदित्य मिश्रा को पुलिस अभिरक्षा से जबरन छुड़ाकर अपने साथ गाड़ियों में बिठाकर फरार हो गए.

AK-47 और आधुनिक हथियारों से लैस थे 8 पुलिसकर्मी
चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के वक्त सुरक्षा व्यवस्था में कुल 8 पुलिसकर्मी तैनात थे, जो AK-47 राइफल और पिस्टल जैसे अत्याधुनिक हथियारों से पूरी तरह लैस थे, इसके बावजूद बदमाश पुलिस की भारी सुरक्षा व्यवस्था को भेदते हुए और हथियारों के भय को बेअसर करते हुए अपने साथी आरोपी को आसानी से छुड़ा ले जाने में कामयाब रहे, हालांकि गोलीबारी और मारपीट की इस घटना में गनीमत यह रही कि किसी भी पुलिसकर्मी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है.
आसपास के जिलों में नाकेबंदी
घटना की सूचना मिलते ही सीधी जिला पुलिस अधीक्षक (SP) संतोष कोरी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत छुहिया घाटी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया, एसपी ने बताया कि ओडिशा पुलिस की शिकायत और दिए गए बयानों के आधार पर सीमावर्ती थानों को अलर्ट कर दिया गया है, वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों की गाड़ियां मैहर जिले की तरफ भागने की सूचना मिली है, जिसके बाद मैहर, रीवा और सीधी जिले के सभी प्रवेश व निकास मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है.
साइबर और फॉरेंसिक टीम तैनात
छुहिया घाटी एवं आसपास के पूरे अंचल में सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत सख्त कर दी गई है और पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और साइबर सेल की मदद से हमलावरों के लोकेशन व गाड़ियो के नंबर ट्रैक करने में जुट गई है, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय के साथ हमलावरों और फरार आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में स्कूल शिक्षा विभाग की लापरवाही पर कड़ा प्रहार, जानकारी न भेजने पर लिपिक सस्पेंड
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
