Rewa News: रीवा के 5 वार्डों में दूषित पेयजल से नाराजगी, कमिश्नर बंगले के सामने सीताराम संकीर्तन कर जताया विरोध
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा शहर में गंदे और दूषित पानी की सप्लाई से परेशान नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा. नगर निगम की अनदेखी से नाराज लोगों ने नगर निगम आयुक्त के आवास के सामने बैठकर सीताराम संकीर्तन किया और अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया.
5 वार्डों के नागरिक दूषित पानी से परेशान
यह पूरा मामला रीवा के वार्ड क्रमांक 10, 11, 12, 13 और 14 से जुड़ा है. अधिवक्ता मानवेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी अपनी समस्या लेकर पहुंचे थे. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बार-बार शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद नगर निगम द्वारा दूषित पानी की समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा है.
हर महीने टैक्स देने के बाद भी गंदा पानी
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि हर महीने पेयजल शुल्क (वॉटर टैक्स) की नियमित वसूली की जाती है, लेकिन पीने के लिए साफ पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा. इसके साथ ही पेयजल टंकियों की सफाई और वॉटर फिल्ट्रेशन की नियमित जांच न होने पर भी सवाल खड़े किए गए.
अधिकारियों ने दिया शाम तक सुधार का आश्वासन
प्रदर्शन की खबर मिलते ही हुजूर तहसीलदार यतीश शुक्ला और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री रवि तिवारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की और भरोसा दिलाया कि शनिवार शाम तक सभी प्रभावित वार्डों में शुद्ध और साफ पेयजल की सप्लाई सुनिश्चित कर दी जाएगी.
हर महीने होगी पानी की गुणवत्ता जांच
प्रशासनिक अधिकारियों ने बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि पानी की गुणवत्ता पर निगरानी के लिए हर महीने 5 स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में जल परीक्षण (वाटर टेस्टिंग) कराया जाएगा और उसकी रिपोर्ट साझा होगी. इस लिखित आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना स्थगित कर दिया, हालांकि लोगों को अब साफ पानी मिलने का इंतजार है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा के शिल्परा नहर में मिला लापता कमलेश साकेत का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










