MP News: MPPSC ने जारी किया 2027 का परीक्षा कैलेंडर, राज्य सेवा परीक्षा दो बार होगी आयोजित

MP News: MPPSC ने जारी किया 2027 का परीक्षा कैलेंडर, राज्य सेवा परीक्षा दो बार होगी आयोजित

MP News: MPPSC ने जारी किया 2027 का परीक्षा कैलेंडर, राज्य सेवा परीक्षा दो बार होगी आयोजित

MP News: मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग यानी MPPSC ने वर्ष 2027 के लिए अपना परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है. इसमें राज्य सेवा परीक्षा, राज्य वन सेवा, राज्य अभियांत्रिकी सेवा, राज्य पात्रता परीक्षा और वैज्ञानिक अधिकारी परीक्षा सहित कुल 25 प्रतियोगी परीक्षाओं को शामिल किया गया है. आयोग के मुताबिक परीक्षाओं का सिलसिला जनवरी 2027 से शुरू होगा. हालांकि, जारी किया गया कैलेंडर संभावित है और परिस्थितियों के अनुसार इसमें बदलाव किया जा सकता है.

मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए MPPSC का न्यू ईयर गिफ्ट, साल 2027 होने वाली  बंपर भर्तियों का शेड्यूल जारी

CM मोहन ने दी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं

परीक्षा कैलेंडर जारी होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के युवाओं को बधाई दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सरकार ने वर्ष 2027 में राज्य सेवा परीक्षा दो बार आयोजित करने की घोषणा की थी. अब इस संकल्प को जमीन पर उतारते हुए 2027 का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे युवाओं को अपनी तैयारी की बेहतर योजना बनाने और अपने लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी. उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध बनाए रखने की सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई.

साल में दो बार होगी राज्य सेवा परीक्षा

MPPSC की नई व्यवस्था के तहत वर्ष 2027 में राज्य सेवा परीक्षा दो बार आयोजित की जाएगी. पहली राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी 2027 को होगी. इसी दिन राज्य वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा भी आयोजित की जाएगी. पहली राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 10 मई से 15 मई 2027 तक प्रस्तावित है, जबकि राज्य वन सेवा की मुख्य परीक्षा 25 अप्रैल 2027 को आयोजित की जाएगी, आयोग ने राज्य सेवा की दूसरी प्रारंभिक परीक्षा के लिए 2 मई 2027 की तारीख निर्धारित की है. इसे विशेष राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा का नाम दिया गया है. इसके बाद इसकी मुख्य परीक्षा 9 अगस्त से 14 अगस्त 2027 तक आयोजित की जाएगी. दोनों परीक्षाओं के आयोजन से अभ्यर्थियों को राज्य प्रशासनिक सेवाओं में चयन के लिए एक अतिरिक्त अवसर मिलेगा.

जनवरी से अक्टूबर तक होंगी अलग-अलग परीक्षाएं

आयोग के कैलेंडर के अनुसार 14 फरवरी को राज्य अभियांत्रिकी सेवा परीक्षा आयोजित होगी. 7 मार्च को राज्य पात्रता यानी SET परीक्षा प्रस्तावित है. 18 अप्रैल को पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी और तकनीकी शिक्षा विभाग से जुड़ी परीक्षा आयोजित की जाएगी. इसके बाद 30 मई को सहायक कुल सचिव परीक्षा होगी. 27 जून को आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी परीक्षाएं प्रस्तावित हैं.

जुलाई से अक्टूबर तक इन परीक्षाओं का आयोजन

जुलाई महीने में 4 तारीख को सहायक प्राध्यापक, क्रीड़ा अधिकारी और ग्रंथपाल परीक्षाएं आयोजित होंगी. 25 जुलाई को सहायक प्रबंधक और खनि निरीक्षक परीक्षा प्रस्तावित है. वहीं 1 अगस्त को खाद्य सुरक्षा अधिकारी परीक्षा होगी. सितंबर में 26 तारीख को वैज्ञानिक अधिकारी की भौतिकी, रसायन और जीव विज्ञान परीक्षाओं के साथ कराधान सहायक परीक्षा आयोजित की जाएगी. इसके अलावा 10 अक्टूबर 2027 को पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के व्याख्याता पद की परीक्षा प्रस्तावित है.

युवा वर्ष में युवाओं को मिलेगा भर्ती परीक्षाओं का अवसर

मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 को युवा वर्ष घोषित किया है. इसी दिशा में युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर देने और भर्ती प्रक्रिया को गति देने पर जोर दिया जा रहा है. राज्य सेवा परीक्षा साल में दो बार कराने का निर्णय भी इसी पहल का हिस्सा है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की ओर से भी वर्ष 2027 की भर्ती परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया जा सकता है.

यह भी पढ़ें : MP News: CM मोहन ने स्थगित किया सिंगापुर और दक्षिण कोरिया दौरा, विधानसभा सत्र की तैयारियों को दी प्राथमिकता

Vindhya Times
Author: Vindhya Times

विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “MP News: MPPSC ने जारी किया 2027 का परीक्षा कैलेंडर, राज्य सेवा परीक्षा दो बार होगी आयोजित”

Leave a Comment

और पढ़ें