Rewa News: नशे में धुत बल्कर चालक ने मचाई तबाही, कई दुकानें और बाइक क्षतिग्रस्त, ऑटो चालक घायल
Rewa News: रीवा-सीधी नेशनल हाईवे-39 पर मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया. भैरव बाबा मोड़ के पास नशे में धुत बल्कर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे स्थित दुकानों और खड़ी मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी. रीवा से सीधी की ओर जा रहा बल्कर क्रमांक MP 19 HAZ 565 कई दुकानों और बाइकों को रौंदते हुए सीधे खेत में जा घुसा. टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क किनारे लगा साइन बोर्ड भी टूट गया.

दुकानें तबाह, लाखों का नुकसान
इस दुर्घटना में सबसे ज्यादा नुकसान एक सब्जी व्यापारी की दुकान को हुआ, जो बल्कर की चपेट में आने से पूरी तरह तबाह हो गई. आसपास की अन्य दुकानों और कई खड़ी मोटरसाइकिलों को भी नुकसान पहुंचा है. शुरुआती आकलन के मुताबिक, हादसे में करीब 3 से 4 लाख रुपये की संपत्ति क्षतिग्रस्त हुई है. इस दौरान एक ऑटो चालक सुनील ओढ़की भी घायल हो गया, जो चुरहट की ओर जा रहा था.
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई हादसे की कहानी
स्थानीय किराना दुकान संचालक और प्रत्यक्षदर्शी द्रोणाचार्य तिवारी के मुताबिक, बल्कर तेज गति से आया और रास्ते में दुकानों, सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों तथा साइन बोर्ड को टक्कर मारता चला गया. इसके बाद अनियंत्रित वाहन सड़क से उतरकर खेत में जा घुसा. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

मौके पर पकड़ा गया बल्कर चालक
हादसे की सूचना मिलते ही गुढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और बल्कर चालक को घटनास्थल से ही पकड़ लिया. थाना प्रभारी पुष्पेंद्र यादव ने बताया कि चालक के खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के समय कोई राहगीर या दुकानदार बल्कर की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
नशे में गाड़ी चलाने पर कितना जुर्माना?
मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 185 के तहत शराब या नशीले पदार्थों के प्रभाव में वाहन चलाना दंडनीय अपराध है. कानून के मुताबिक, 100 मिलीलीटर खून में 30 मिलीग्राम से अधिक अल्कोहल पाए जाने पर कार्रवाई की जा सकती है. इसके लिए ब्रेथ एनालाइजर या अन्य मान्य जांच का इस्तेमाल किया जाता है.
दूसरी बार पकड़े जाने पर बढ़ जाती है सजा
नशे में वाहन चलाते हुए पहली बार पकड़े जाने पर 10 हजार रुपये तक का जुर्माना, 6 महीने तक की जेल या दोनों सजाएं हो सकती हैं. वहीं, दूसरी बार अपराध करने पर 15 हजार रुपये तक जुर्माना, 2 साल तक की जेल या दोनों का प्रावधान है. यह नियम दोपहिया, चारपहिया और भारी व्यावसायिक वाहनों सहित सभी मोटर वाहनों पर लागू होता है. इस घटना ने एक बार फिर नशे में भारी वाहन चलाने से सड़क किनारे मौजूद लोगों और दुकानदारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में संपत्तिकर नहीं चुकाने वालों पर नगर निगम सख्त, एक भवन में लगाया ताला
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “Rewa News: नशे में धुत बल्कर चालक ने मचाई तबाही, कई दुकानें और बाइक क्षतिग्रस्त, ऑटो चालक घायल”