CG News: रायपुर में 25 लाख दीयों का भव्य दीपोत्सव, CM हाउस से मरीन ड्राइव तक सजेगा 13 KM का रूट
CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को रायपुर में भव्य दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा. राजधानी में एक साथ करीब 25 लाख दीये जलाने की तैयारी है. प्रशासन ने इसके लिए लगभग 13 किलोमीटर लंबा रूट मैप तैयार किया है. यह आयोजन सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से शुरू होकर शहर के कई प्रमुख मार्गों और क्षेत्रों को कवर करेगा. बाजार में करीब 20 रुपए दर्जन की दर से दीये मिलने के हिसाब से 25 लाख दीयों की अनुमानित कीमत करीब 37.50 लाख रुपए बैठती है.
CM हाउस से मरीन ड्राइव तक सजेगा रूट
दीपोत्सव के लिए तैयार रूट में मुख्यमंत्री निवास, गांधी उद्यान, गढ़कलेवा रोड, मल्टीलेवल पार्किंग और भगत सिंह चौक शामिल हैं. इसके बाद पुराने मंत्री बंगले ओवरब्रिज से केनाल रोड होते हुए तेलीबांधा चौक और मरीन ड्राइव तक दीये सजाए जाएंगे. जल विहार कॉलोनी को भी रूट में शामिल किया गया है. आगे केनाल रोड, कटोरा तालाब चौक और वीआईपी क्लब से होते हुए यह रूट वापस मुख्यमंत्री निवास तक पहुंचेगा.

विभागों को टारगेट देने की चर्चा
आयोजन को लेकर कुछ अधिकारियों ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर बताया कि अलग-अलग विभागों को मौखिक रूप से दीये जलाने के लक्ष्य दिए गए हैं. जानकारी के अनुसार खाद्य विभाग को 25 हजार, महिला एवं बाल विकास विभाग को 2.50 लाख, आदिवासी कल्याण विभाग को एक लाख, खनिज विभाग को 50 हजार और आबकारी विभाग को 25 हजार दीयों का लक्ष्य बताया गया है. हालांकि इन आंकड़ों में बदलाव संभव है और इसे लेकर कोई लिखित आदेश जारी नहीं होने की बात सामने आई है.
कलेक्टर बोले, किसी विभाग को नहीं मिला लक्ष्य
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मुताबिक शहर में 25 लाख दीये जलाने की तैयारी है, लेकिन किसी भी विभाग को अलग से टारगेट नहीं दिया गया है. उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से यह आयोजन किया जाएगा. वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घर पर एक दीप जलाने की अपील की है. इस कार्यक्रम को ‘आशीर्वाद का दीया’ नाम दिया गया है, जिसमें आम नागरिकों के साथ पंचायत प्रतिनिधि, महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियां और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही भी शामिल होंगे.
50 लाख विद्यार्थियों की भागीदारी का लक्ष्य
मुख्यमंत्री के मुताबिक ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में प्रदेश के करीब 25 हजार शिक्षण संस्थानों और लगभग 50 लाख विद्यार्थियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है. इस दौरान ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटक और सांगीतिक प्रस्तुतियां भी होंगी. 17 सितंबर से शुरू होने वाला यह अभियान 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ समाप्त होगा. अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनके अनुभव जानेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अन्त्योदय के मंत्र पर काम करने वाली पार्टी है.
यह भी पढ़ें : CG News: 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी पर छत्तीसगढ़ की नजर, CM साय बोले- प्रतिभाओं को नहीं होने देंगे संसाधनों की कमी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
