CG News: बिलासपुर सिम्स अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
CG News: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) अस्पताल का अचानक औचक निरीक्षण किया. सुबह-सुबह मंत्री के अस्पताल पहुंचते ही परिसर और प्रबंधन अधिकारियों में हड़कंप मच गया. निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल की अलग-अलग शाखाओं का दौरा किया और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का बारीकी से जायजा लिया.
टूटी फर्श और ढलान निर्माण के सख्त निर्देश
अस्पताल के सर्जिकल वार्ड के बाहर टूटी और उखड़ी हुई फर्श को देखकर मंत्री जायसवाल ने प्रबंधन पर कड़ा ऐतराज जताया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षतिग्रस्त फर्श की तुरंत मरम्मत कराई जाए. इसके साथ ही मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर से ले जाने में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए सभी आवश्यक स्थानों पर ढलान (स्लोप) का निर्माण कराने को कहा.

स्वशासी समिति के फंड से काम पूरा करने के आदेश
भवन के रख-रखाव पर बात करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि जरूरी मरम्मत कार्यों के लिए केवल सरकारी बजट का इंतजार न करें. उन्होंने कहा कि अस्पताल की स्वशासी समिति से मंजूरी लेकर जनहित के सभी काम तत्काल प्रभाव से पूरे कराए जाएं. बता दें कि वर्ष 1956 की पुरानी इमारत में चल रहे इस अस्पताल की स्थिति सुधारने के लिए प्रबंधन ने लगभग 1.5 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा हुआ है.
कैजुअल्टी, सर्जिकल और लेबर वार्ड का लिया जायजा
दौरे के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कैजुअल्टी, सर्जिकल और लेबर वार्ड सहित कई महत्वपूर्ण हिस्सों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधी बातचीत की. मंत्री ने मरीजों से अस्पताल में मिल रहे इलाज, दवाइयों की उपलब्धता और जांच सुविधाओं के बारे में फीडबैक प्राप्त किया.
डीन के साथ की बैठक
मरीजों द्वारा मुफ्त दवा और इलाज समय पर मिलने की बात कहे जाने पर स्वास्थ्य मंत्री ने संतोष व्यक्त किया. इसके बाद उन्होंने सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति और अधीक्षक डॉ. लखन सिंह के साथ एक समीक्षा बैठक की. बैठक में मंत्री ने अस्पताल की वर्तमान व्यवस्थाओं की समीक्षा की और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाने के दिशा-निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें : CG News: कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेंट किया पारंपरिक पटका, तरुण चुघ का रायपुर प्रवास कार्यक्रम जारी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
