CG News: रायपुर में यूथ इनोवेशन कॉन्क्लेव 2026: सीएम साय ने युवाओं को दिए उद्यमिता के मंत्र
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक मंडपम में तीन दिवसीय ‘यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026’ का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशभर से आए विद्यार्थियों, युवा नवाचारकर्ताओं और नए उद्यमियों को संबोधित किया. सीएम ने कहा कि राज्य के युवा केवल नौकरी तलाशने वाले न बनें, बल्कि अपने कौशल, नवाचार और उद्यमिता के बल पर नए अवसर पैदा करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सबसे अहम और निर्णायक रहने वाली है.
नई नीति से मिले भारी निवेश प्रस्ताव
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को व्यावसायिक सहायता देने से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण योजना’ की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इसके लिए 500 करोड़ रुपए का विशेष प्रावधान रखा गया है. इसके अलावा, पीएम मुद्रा योजना और राज्य की नई औद्योगिक नीति-2024 के जरिए युवाओं को आसान प्रोत्साहन और सिंगल विंडो सिस्टम की सुविधा दी जा रही है. सीएम ने साझा किया कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद प्रदेश को करीब 8.23 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिन पर अब धरातल पर काम शुरू हो चुका है.

रोजगार की असीम संभावनाएं
मुख्यमंत्री साय ने अपने कृषक परिवार और गांव के अनुभवों को साझा करते हुए कृषि और वन संपदा के महत्व को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि बस्तर और अन्य वनांचल क्षेत्रों में इमली, महुआ, सीताफल और औषधीय पौधों जैसे संसाधनों का बेहतर प्रसंस्करण, आकर्षक पैकेजिंग और ब्रांडिंग करके युवा नए उद्योग शुरू कर सकते हैं. धान की सुगंधित किस्मों जैसे जवाफूल, विष्णुभोग और शीतलचीनी के निर्यात और वैल्यू एडिशन की पूरी श्रृंखला विकसित करने से किसानों को उनकी उपज का अच्छा दाम मिलेगा और कृषि आधारित स्टार्टअप्स को भी बढ़ावा मिलेगा.
‘सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर‘ का किया अवलोकन
कॉन्क्लेव के दौरान मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित ‘सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर’ का निरीक्षण किया. उन्होंने वहां मौजूद बायोसेफ्टी लेवल लैब, एनिमल कल्चर लैब और प्लांट टिश्यू कल्चर लैब जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं का जायजा लिया. सीएम साय ने विश्वास व्यक्त किया कि यह केंद्र राज्य के शोधार्थियों और युवाओं के लिए विचार (Idea) से नवाचार (Innovation) और नवाचार से उद्यम (Enterprise) तक पहुंचने का एक मजबूत और आधुनिक माध्यम सिद्ध होगा.
‘एक पेड़ माँ के नाम‘ के तहत पौधरोपण
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने इन्क्यूबेशन सेंटर परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत मौल का पौधा लगाया. युवाओं से सीधा संवाद करते हुए उन्होंने सलाह दी कि वे असफलता से डरने के बजाय नए-नए प्रयोग करने का साहस रखें, क्योंकि कोई भी नया विचार कठिन परिश्रम और नवाचार से ही धरातल पर उतरता है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 75 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचाने के लक्ष्य में राज्य का हर युवा एक महत्वपूर्ण स्तंभ साबित होगा.
यह भी पढ़ें : CG News: बिलासपुर सिम्स अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
